
8.5 किलोमीटर हिस्से में लगेंगी नई स्ट्रीट लाइटें
सरायकेला।
आदित्यपुर–KANDRA सड़क पर प्रतिदिन आवागमन करने वाले लाखों लोगों के लिए यह खबर बेहद राहत भरी है। कुल 15.5 किलोमीटर लंबी इस टोल सड़क पर वर्षों से छाए अंधेरे से अब निजात मिलने जा रही है। जानकारी के अनुसार वर्ष 2011 में जेएआरडीसीएल द्वारा केवल 6.9 किलोमीटर हिस्से में ही पथ प्रकाश की व्यवस्था की गई थी, जबकि शेष लगभग 8.5 किलोमीटर सड़क पर पिछले 14 वर्षों से घनघोर अंधेरा बना हुआ था।
सड़क पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही थीं। इस गंभीर समस्या को लेकर सामाजिक संगठन जनकल्याण मोर्चा द्वारा कई बार पत्राचार किया गया, लेकिन लंबे समय तक कोई ठोस पहल नहीं हो सकी। आधे से अधिक सड़क पर अंधेरा होने से आम लोगों में रोष और असुरक्षा की भावना बनी हुई थी।
READ MORE :Jamshedpur News :IGNOU में सभी 70 रीजनल सेंटर्स पर बनेंगे स्किल सेंटर, PMKVY के लिए हुआ बड़ा समझौता
उपायुक्त ने लिया गंभीर संज्ञान
सरायकेला–खरसावां के वर्तमान उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक पहल की। झारखंड सरकार के पथ निर्माण सचिव सुनील कुमार एवं उपायुक्त के संयुक्त प्रयास से अब आदित्यपुर–कांडरा सड़क के अंधेरे हिस्सों में सीएसआर (CSR) के तहत नई स्ट्रीट लाइट लगाने की व्यवस्था की जा रही है। यह कदम जनहित में अत्यंत सराहनीय माना जा रहा है।
आरकेएफएल कंपनी निभा रही सामाजिक दायित्व
प्राप्त जानकारी के अनुसार आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र की प्रतिष्ठित औद्योगिक इकाई आरकेएफएल कंपनी द्वारा इस परियोजना को क्रियान्वित किया जा रहा है। करीब 8.5 किलोमीटर सड़क पर प्रत्येक 35 मीटर की दूरी पर 12 मीटर ऊंचे अंडरग्राउंड स्ट्रीट लाइट पोल लगाए जा रहे हैं। इस योजना के अंतर्गत लगभग 260 स्ट्रीट लाइट पोल लगाए जाने की संभावना है। कार्य को लगभग तीन महीनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
दुर्गा पूजा में भी मिली थी अस्थायी राहत
उल्लेखनीय है कि पूर्व में जेएआरडीसीएल द्वारा सड़क की मरम्मत और स्ट्रीट लाइट की देखरेख नहीं किए जाने से स्थिति काफी खराब हो गई थी। हालांकि दुर्गा पूजा के दौरान विशेष परिस्थिति में उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत के प्रयास से दर्जनों स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कराई गई थी, जिससे त्योहार के समय आम लोगों को काफी सहूलियत मिली थी।
सामाजिक संगठनों ने जताया आभार
इस महत्वपूर्ण पहल के लिए जन कल्याण मोर्चा आदित्यपुर, झारखंड लीगल एडवाइजरी एंड डेवलपमेंट ऑर्गेनाइजेशन तथा आदित्यपुर अधिवक्ता संघ की ओर से उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत को हार्दिक बधाई दी गई है। साथ ही आरकेएफएल कंपनी की भी सराहना की गई है, जिसने अपने सामाजिक दायित्व का दूसरा चरण प्रारंभ किया है।
दुर्घटनाओं में आएगी कमी
जनकल्याण मोर्चा के अध्यक्ष ओमप्रकाश ने इस पहल पर खुशी जताते हुए कहा कि यह आदित्यपुर–कांडरा सड़क पर चलने वाले लोगों के लिए बेहद राहत भरी खबर है। उन्होंने कहा कि पूरी सड़क पर स्ट्रीट लाइट लगने और उनके नियमित रूप से जलने से सड़क दुर्घटनाओं में निश्चित रूप से कमी आएगी।
उन्होंने आगे कहा कि इससे न केवल रात के समय आवागमन सुरक्षित होगा, बल्कि आम नागरिकों, औद्योगिक कर्मियों और वाहन चालकों को सुगम, सुरक्षित और निर्बाध यात्रा का लाभ मिलेगा। यह पहल वर्षों से चली आ रही समस्या का स्थायी समाधान साबित होगी।



