
सरायकेला-
जिले के आदित्यपुर थाना के शेरे पंजाब चौक के पास रविवार की रात को लापरवाही व तेजी से वैगनार कार को धक्का मारकर क्षतिग्रस्त करने, पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट व सरकारी कार्य में बाधा पहुंंंचाने के के मामले में आदित्यपुर पुलिस ने गिरफ्तार आठ युवकों को जमानत पर रिहा कर दिया है. इस संबंध में आदित्यपुर थाना प्रभारी जयप्रकाश राणा ने बताया कि जमानतीय धारा होने के कारण युवकों को छोड़ दिया गया. गिरफ्तार युवकों में निशांत सिंह, निखिल सिंह (पिता कंचन सिंह), राहुल सिंह, अभिषेक कुमार, मिहि अभिषेक व विजय सिंह (सभी सीतारामडेरा निवासी) एवं मधुसूदन चक्रवतीज्ञ (आरआइटी) व रामनारायण सिंह (सालडीह) शामिल हैं. इस संबंध में आदित्यपुर थाना में गम्हरिया की सीओ कामिनी कौशल लकड़ा एवं आदित्यपुर थाना के एएसआइ भगवान सिंह द्वारा अलग-अलग केस दर्ज किया गया है. ज्ञात हो कि नशे में धुत्र्त स्कार्पियों पर सवार जमशेदपुर के छह युवकों ने रविवार की रात 8 बजे शेरे पंजाब चौक के पास सीओ कामिनी कौशल लकड़ा के रिश्तेदार की वैगनार कार को धक्का मारते हुए स्कार्पियो आगे जाकर पलट गयी थी. इससे गुस्साये लोगों ने युवकों को पीट दिया, जिसके बाद पुलिस उन्हें पब्लिक से बचा कर थाने ले गयी, जहां ये युवक पुलिसकर्मियों के साथ उलझ गये और मारपीट शुरू कर दी थी. घटना की सूचना के बाद पैरवी करने जमशेदपुर के कई भाजपा नेता थाना पहुंचे थे. वहीं कल रात से लेकर आज दिन भर पैरवी करने वाले जमशेदपुर के भाजपाईयों का थाना में जमघट लगा रहा. इधर, इस मामले को लेकर एकता विकास मंच के लोगों ने थाना से युवकों को छोड़े जाने पर कड़ा विरोध जताया है. मंच के अध्यक्ष एके मिश्रा ने कहा कि इस मामले को लेकर आंदोलन किया जायेगा

