
सरायकेला: खरसावां पुलिस ने दो कुख्यात अंतर्राज्यीय गिरोह के सरगना सहित पांच अपराधियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त किया है। गिरफ्तार अपराधियों के पास से पुलिस ने चार पिस्टल, जिंदा कारतूस और तीन मोटरसाइकिल भी बरामद किया है। इस सम्बंध में जानकारी देते हुए एसपी मोहम्मद अर्शी ने बताया कि जिला पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि अंतरराज्यीय कुख्यात सरगना जल्ला फिरोज और कलीम गिरोह के सदस्य मिलकर किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बनाया है।इसके बाद एसपी के निर्देश पर टीम का गठन कर दोनों गिरोहों के प्लान को तोड़ने का निर्देश दिया गया। इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर छापामारी करते हुए आदित्यपुर इलाके के मुस्लिम बस्ती एच रोड से सरगना जल्ला फिरोज और कालीम को एक मोटरसाइकिल से जाने के क्रम में दबोचा गया। इनके पास से लोडेड दो पिस्टल और कई राउंड जिंदा कारतूस बरामद किया गया। उसकी निशानदेही पर मोहम्मद इरशाद और मोहम्मद दानिश को कपाली के डैम डूबी इलाके से गिरफ्तार किया गया। उनके पास से भी दो-दो देसी कट्टा पुलिस ने बरामद किया है। पुलिस ने इनके पास से तीन मोटरसाइकिल भी जब्त किया हैं। एसपी ने बताया कि दोनों गिरोह लॉकडाउन के दौरान आपस में मिल गए थे और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। इन्होंने बताया इन अपराधियों की मंशा किसी नेता, सामाजिक कार्यकर्ता या उद्यमी की हत्या करने की थी। फिलहाल पुलिस ने किसी के नाम का खुलासा नहीं किया है। उन्होंने बताया है कि गिरोह के और भी सदस्य हैं जिनकी तलाश की जा रही है। एसपी मोहम्मद अर्शी ने गिरोह के प्लान तोड़ने और अपराधियों के गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सभी पुलिसकर्मियों को 25-25 हजार रुपये पुरस्कार दिए जाने की घोषणा करते हुए डीजीपी से इन्हें प्रशस्ति पत्र दिए जाने की अनुशंसा करने की बात कही।



