जमशेदपुर।
बीते दिनों समाधान संस्था द्वारा संपन्न कराये गये पंद्रह जरूरतमंद एवं अभिवंचित वर्ग के जोड़ों के भव्य सामूहिक शुभ विवाह समारोह के उपरांत तय सीमावधि के अंतर्गत गुरुवार को जमशेदपुर निबंधन कार्यालय में विवाह पंजीकरण पूर्ण कर लिया गया । इस दौरान 13 जोड़ों का निबंधन पूर्ण हो गया जबकि अपरिहार्य कारणों से दो जोड़ों की अनुपस्थिति के कारण उनका निबंधन अगली तिथि को कराना तय हुआ । निबंधन कार्य के उपरांत वैवाहिक औपचारिकताएं पूर्ण होते हीं मौके पर समाधान संस्था द्वारा सभी जोड़ों एवं उनके परिजनों के बीच लड्डू वितरण किया गया । इस दौरान समाधान संस्था की अध्यक्षा पूनम विग के अलावे समाधान के मुख्य संरक्षक दिनेश कुमार, रुचिता छाबरा, अधिवक्ता अनिल सिन्हा, अंकित आनंद, संतोष कुमार,अमरजीत सिंह राजा, मधुस्मिता बेरा, समेत तेरह वैवाहित जोड़ें मौजूद रहें । मौके पर संस्था की अध्यक्ष श्रीमती पूनम विग ने कहा कि निबंधन कार्य के साथ हीं सामूहिक विवाह-2016 की सारी औपचारिकताएं सफलतापूर्वक संपन्न हुई । जरूरतमंदों के जीवन को खुशियों से परिपूर्ण करने का समाधान का यह प्रयास संस्था के लिए गौरवमई उपलब्धि है । निबंधन कार्यक्रम के पश्चात समाधान के सदस्यों के संग सभी नव-विवाहित जोड़ों का बिष्टुपुर परिसदन के निकट लॉ-ग्राविटी टी-शॉप में अभिनंदन किया गया । इस दौरान प्रतिष्ठान के संचालक अविनाश दुग्गड़ द्वारा सभी जोड़ों का स्वागत करते हुए उन्हें समाज उपयोगी कार्यों में योगदान देने हेतु प्रेरित किया । सभी ने इस दौरान चाय-पे-चर्चा करते हुए आपसी नज़दीकियां बढ़ाई । श्री दुग्गड़ ने कहा कि जरूरतमंद लोगों के जीवन को सहेजने-सँवारने का समाधान का यह अनूठा अभियान सराहनीय है । समाधान के इस अभियान में सहभागिता सुनिश्चित करने के क्रम में यह गेट-टूगेदर सभी को एक सूत्र में बांधने का प्रयास मात्र है ।



