जमशेदपुर: जुगो जुग अटल साहिब श्री गुरु ग्रन्थ साहिब जी के 422वें प्रथम प्रकाश पर्व की पावन स्मृति में गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी, साकची की ओर से आगामी 13 सितंबर, रविवार को एक भव्य और विशेष कीर्तन दरबार का आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक समागम में श्री दरबार साहिब अमृतसर के हजूरी रागी भाई साहब भाई करमजीत सिंह जी “शाहबाद मारकंडा” संगत को निहाल करने विशेष रूप से जमशेदपुर पहुंच रहे हैं। रविवार को समागम की जानकारी देते हुए आधिकारिक पोस्टर भी जारी किया गया।
विभिन्न जत्थों और रागी की रहेगी विशेष उपस्थिति
गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी, साकची के तत्वावधान में सिख स्त्री सत्संग सभा, सुखमणि साहिब कीर्तनी जत्था और सिख नौजवान सभा, साकची के सहयोग से यह कार्यक्रम आयोजित हो रहा है। साकची गुरुद्वारा के प्रधान सरदार निशान सिंह ने बताया कि रविवार को कीर्तन दरबार की शुरुआत सुबह 10 बजे श्री अखंड पाठ साहिब की समाप्ति के भोग के साथ होगी।
महासचिव परमजीत सिंह काले ने बताया कि समागम में अमृतसर से आ रहे भाई करमजीत सिंह के अलावा धर्म प्रचार कमिटी, अमृतसर के प्रचारक भाई जगदेव सिंह ‘तारागढ़’ भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा जमशेदपुर के युवा कीर्तनीये भाई गुरदीप सिंह ‘निक्कू’ और हजूरी रागी भाई नारायण सिंह अपनी मधुर वाणी से संगत को रसविभोर करेंगे। मुख्य ग्रंथी भाई अमृतपाल सिंह मन्नण और जत्थेदार ज्ञानी जरनैल सिंह कथावाचक के रूप में संगत को सिख इतिहास से अवगत कराएंगे। अरदास के उपरांत गुरु का अटूट लंगर बरतेगा, जिसकी सेवा स्त्री सत्संग सभा, सुखमणि साहिब जत्था और नौजवान सभा द्वारा संभाली जाएगी।
पोस्टर विमोचन के दौरान मौजूद रहे गणमान्य
इस अवसर पर साकची गुरुद्वारा में प्रधान निशान सिंह और महासचिव परमजीत सिंह काले के साथ-साथ ट्रस्टी सतनाम सिंह सिद्धू, कोषाध्यक्ष बलबीर सिंह, अकाली दल के प्रधान ज्ञानी रविन्द्र सिंह, टूइलाडुगरी के पूर्व प्रधान जसबीर सिंह पदरी, सतपाल सिंह राजू, हरविंदर सिंह, मनोहर सिंह मिट्टे, बलदेव सिंह बब्बू, सतबीर सिंह गोल्डू और अमरपाल सिंह (सीनियर व जूनियर) ने संयुक्त रूप से पोस्टर जारी किया।
ज्ञात हो कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का प्रथम प्रकाश वर्ष 1604 में श्री हरिमंदिर साहिब, अमृतसर में हुआ था, जिसकी स्मृति में विश्वभर की सिख संगत श्रद्धा और उल्लास के साथ यह पावन पर्व मनाती है।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS :SIR-2026: जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने किया दावा-आपत्ति सुनवाई स्थलों का निरीक्षण
मुख्य बिंदु
आयोजन तिथि: 13 सितंबर 2026 (रविवार)।
स्थान: गुरुद्वारा साहिब, साकची, जमशेदपुर।
विशेष आकर्षण: श्री दरबार साहिब अमृतसर के हजूरी रागी भाई करमजीत सिंह ‘शाहबाद मारकंडा’ का कीर्तन।
प्रमुख कार्यक्रम: अखंड पाठ का भोग, शबद-कीर्तन, कथा विचार और गुरु का अटूट लंगर।


