
जमशेदपुर। यूरेनियम कारपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड के सामाजिक उत्तरदायित्व अभियान से आज बागबेड़ा थाना चौक स्थित राम मनोहर लोहिया नेत्रालय में भारतीय रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम का 824वां नेत्र शिविर द्रोपदी देवी चिमनलाल भालोटिया फैमिली ट्रस्ट, राजस्थान सेवा सदन तथा जिला ग्रामीण स्वास्थ्य समिति के सहयोग से नेत्र रोगियों के जांच के साथ शुभारंभ हुआ। जाने माने नेत्र चिकित्सक डॉ. बी. पी. सिंह एवं उनके सहयोगी चिकित्सीय टीम द्वारा 54 नेत्र रोगियों के आंखों की जांच की गयी, जिसमें से 36 नेत्र रोगियों को मोतियाबिन्द ग्रस्त पाया गया, अन्य मरीजों को जरूरत के अनुसार दवा व चश्मा प्रदान कर विदा किया गया। चयनित मरीजों का स्वास्थ्य जांच कर उपयुक्त मरीजों का ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण रविवार 30 अगस्त को नेत्र चिकित्सक डॉ. बी. पी. सिंह, डॉ. भारती शर्मा, डॉ. पूनम सिंह, डॉ. विवेक केडिया एवं उनके सहयोगी चिकित्सीय टीम द्वारा राम मनोहर लोहिया नेत्रालय के ऑपरेशन थियेटर में किया जायेगा। आज जांच सत्र के दौरान रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह के साथ राम मनोहर लोहिया नेत्रालय के अध्यक्ष बालमुकुन्द गोयल, रेड क्रॉस के सक्रिय कार्यकर्ता राकेश मिश्र, अशोक घोषाल, प्रकाशभानु महतो, राधेश्याम कुमार, आशीष सिंह एवं श्याम कुमार मुख्य रूप से शामिल थें।


30 अगस्त को सेन्ट मेरी स्कूल में रक्तदान शिविर
जमशेदपुर, 29 अगस्त। भारतीय रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम द्वारा चलाये जा रहे रक्तदान अभियान की कड़ी में लगातार रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है, जिस कड़ी में 30 अगस्त को सेन्ट मेरी अलुमनि ट्रस्ट बिष्टुपुर के संयोजन में रक्तदान शिविर का आयोजन सेन्ट मेरी इंग्लिस स्कूल सिनियर ब्लाक स्थित ऑडिटोरियम में किया जायेगा। रक्तदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में शामिल होकर रक्तदान का आग्रह किया गया है।
222वां सेफ्टी फर्स्ट एड डिजास्टर मैनेजमेंट ट्रेनिंग 5 सितम्बर से
सड़क सुरक्षा, गैस सुरक्षा, ऊंचाई पर कार्य, प्राथमिक उपचार एवं
आपदा प्रबंधन सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर मिलेगा प्रशिक्षण
जमशेदपुर, 29 अगस्त। भारतीय रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम द्वारा 222वां सेफ्टी फर्स्ट एड डिजास्टर मैनेजमेंट ट्रेनिंग आगामी 5 सितम्बर से 10 सितम्बर तक साकची स्थित रेड क्रॉस भवन में आयोजित किया जायेगा। प्रशिक्षण में आम जीवन से जुड़े सुरक्षा उपायों, प्राथमिक उपचार तथा आपदा के समय बचाव एवं राहत कार्यों की व्यावहारिक जानकारी विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा दी जायेगी। इस प्रशिक्षण में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागी 31 अगस्त से 4 सितम्बर तक बिष्टुपुर स्थित रेड क्रॉस कार्यालय में अपना नामांकन करा सकते हैं। वहीं कारपोरेट एवं कंपनी कर्मियों तथा दूसरे शहरों से आने वाले प्रतिभागियों के लिए प्रशिक्षण के पहले दिन उद्घाटन सत्र के दौरान भी नामांकन की सुविधा उपलब्ध रहेगी। वर्तमान समय में सुरक्षा और प्राथमिक उपचार का ज्ञान प्रत्येक व्यक्ति के लिए महत्वपूर्ण है। किसी दुर्घटना, सड़क हादसे, आग, गैस रिसाव या प्राकृतिक आपदा जैसी आपात स्थिति में सही समय पर सही कदम उठाकर किसी व्यक्ति की जान बचाई जा सकती है। इसी उद्देश्य से इस प्रशिक्षण में थ्योरी के साथ प्रैक्टिकल प्रशिक्षण भी दिया जायेगा। प्रशिक्षण के दौरान रोड सेफ्टी, गैस सेफ्टी, सीमित स्थान (कन्फाइन्ड स्पेस) में सुरक्षा, ऊंचाई पर कार्य के दौरान सुरक्षा, सामान्य सुरक्षा नियम, फर्स्ट एड, रक्तदान एवं रक्त प्रबंधन, मानव शरीर की कार्यप्रणाली, प्राथमिक उपचार से पहले जरूरी सहमति, सड़क दुर्घटना में मदद करने वाले लोगों के लिए गुड समैरिटन नियम, प्राथमिक उपचार की बेहतर विधियां, सुरक्षित बचाव के तरीके, कृत्रिम सांस देने की विधि तथा आपदा प्रबंधन में प्राथमिक उपचार जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी जायेगी। रेड क्रॉस सोसाईटी द्वारा बताया गया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य प्रतिभागियों को केवल सुरक्षा नियमों की जानकारी देना नहीं, बल्कि आपात स्थिति में घबराये बिना सही निर्णय लेने और जरूरतमंद व्यक्ति को तत्काल प्राथमिक सहायता देने में सक्षम बनाना है। प्रशिक्षण में शामिल प्रैक्टिकल अभ्यास प्रतिभागियों को वास्तविक परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार करेंगे। रेड क्रॉस सोसाईटी ने सुरक्षा, प्राथमिक उपचार एवं आपदा प्रबंधन में रुचि रखने वाले युवाओं, विद्यार्थियों, औद्योगिक एवं कारपोरेट संस्थानों के कर्मचारियों तथा आम नागरिकों से इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण में भाग लेने की अपील की है।


