

ब्रजेश भारती

सिमरी बख्तियारपुर,सहरसा, ।
अधिकांश अतिक्रमणकारियों ने पहले ही खाली कर दी जगह
अनुमंडल क्षेत्र के नगर पंचायत स्थित मुख्य बाजार की सड़कों को अतिक्रमणकारियों से मुक्त कराने को लेकर बुधवार दिनभर अवैध अतिक्रमण पर बुलडोजर चला। पूरे दिन अतिक्रमण हटाओ अभियान चलता रहा। हालांकि इस दौरान कई जगह प्रशासन और आमलोगों से कहासुनी भी हुई तो कई जगह प्रशासन के डर से अतिक्रमणकारी अपने द्वारा किये गये अतिक्रमण हटाते भी नजर आये। हालांकि एक ही जेसीबी होने की वजह से अतिक्रमण अभियान में सुस्ती देखी गयी और दोपहर चार बजे तक डाकबंगला चौक से शर्मा चौक तक भी नहीं पहुंच पाया।
बुधवार की सुबह तक सड़क के दोनों ओर के अधिकांश शेड दुकानदारों ने रातोरात खोल लिए थे। परंतु कुछ दुकानदारों ने दुकान के आगे के शेड को नहीं खोला पर सुबह जब प्रशासन के सख्त रवैये को देख आनन-फानन में सुबह सबेरे शेड खोलते नजर आये।
दंडाधिकारी के रूप में नियुक्त अंचलाधिकारी धर्मेंद्र पंडित और कार्यपालक पदाधिकारी रीता कुमारी के नेतृत्व में डाकबंगला चौक से अतिक्रमण हटाओ अभियान की शुरूआत हुई। नप द्वारा चिह्नत स्थान से जेसीबी के माध्यम से अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया दिनभर जारी रही। इस दौरान सड़क के दोनों ओर रोड किनारे अवैध रूप से लगे शेड सहित सो¨लग आदि को तोड़ा गया। हालांकि जेसीबी की कमी की वजह से डाकबंगला चौक से शर्मा चौक आने में ही दोपहर तीन बज गया। बख्तियारपुर थाना में नवपदस्थापित थानाध्यक्ष उमाशंकर कामत के नेतृत्व में बख्तियारपुर पुलिस अतिक्रमण अभियान में चुस्त-दुरूस्त नजर आया बड़ी संख्या में पुरूष एवं महिला पुलिस बल मौजूद रहे। वहीं नप अध्यक्ष सीमा गुप्ता, उपाध्यक्ष प्रतिनिधि मोजाहिद आलम, वार्ड पार्षद नरेश कुमार, वार्ड पार्षद विकास कुमार, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि उत्तम लाल यादव, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि गणेश शर्मा, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि अशोक शर्मा सहित अन्य मौजूद थे।

