
जमशेदपुर। भारतीय रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम, राम मनोहर लोहिया नेत्रालय द्वारा चिमनलाल भालोटिया सेवा संस्थान, राजस्थान सेवा सदन तथा जिला ग्रामीण स्वास्थ्य समिति के सहयोग से 532वां नेत्र शिविर स्व. राधाकिशन जी अग्रवाल के पुण्य स्मृति में उनके पौत्र समाजसेवी नन्द किशोर अग्रवाल के संयोजन में 15 से 17 दिसम्बर तक बागबेड़ा थाना चौक स्थित राम मनोहर लोहिया नेत्रालय में आयोजित किया जायेगा। 15 दिसम्बर को नेत्र रोगियों के आंखों की जांच कर मोतियाबिन्द ग्रस्त नेत्र रोगियों का चयन ऑपरेशन के लिए किया जायेगा तथा अन्य नेत्र रोगियों को जरूरत के अनुसार दवा व चिकित्सीय परामर्श प्रदान कर विदा किया जायेगा, जिनका चयन किया जायेगा, उनका ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण रविवार 16 दिसम्बर को जाने माने नेत्र चिकित्सक डॉ. बी. पी. सिंह, डॉ. जे. एस. बेदी, डॉ. सुशील बाजोरिया, डॉ. पूनम सिंह एवं उनके सहयोगी चिकित्सीय टीम द्वारा किया जायेगा। सोमवार को ऑपरेशन कराये सभी मरीजों के आंखों की पट्टी खोलकर अंतिम जांच की जायेगी, जिसके पश्चात उन्हें आवश्यक दवा व चश्मा प्रदान कर विदा किया जायेगा। इस सम्बन्ध में जानकारी देते हुए रेड क्रॉस सोसाईटी के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने बताया कि शिविर के उद्घाटन समाजसेवी श्री कन्हैयालाल अग्रवाल द्वारा किया जायेगा।


