जमशेदपुर,: झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के अवसर पर पूर्वी सिंहभूम जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पटमदा में शुक्रवार को ‘परियोजना उल्लास’ के तहत मिर्गी रोगियों के लिए एक दिवसीय निःशुल्क विशेष जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कुल 100 मरीजों को चिकित्सा सुविधा का लाभ मिला। इनमें 12 नए मरीजों की स्क्रीनिंग की गई, जबकि 88 पुराने मरीजों का फॉलोअप किया गया।
उपायुक्त के निर्देशानुसार सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल के नेतृत्व में आयोजित शिविर में मरीजों को निःशुल्क जांच, चिकित्सकीय परामर्श और एक महीने की दवा उपलब्ध कराई गई। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग की ओर से मरीजों और उनके परिजनों के लिए आने-जाने तथा भोजन की व्यवस्था भी निःशुल्क की गई।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: बिरसानगर में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, रवि सिंह चंदेल और मनीष प्रसाद सैकड़ों समर्थकों के साथ पार्टी में शाम
जिला आरसीएच पदाधिकारी ने किया शिविर का निरीक्षण
जिला आरसीएच पदाधिकारी सह परियोजना उल्लास के नोडल पदाधिकारी डॉ. रंजीत कुमार पांडा ने शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं और जांच व्यवस्था का जायजा लिया।
डॉ. पांडा ने बताया कि परियोजना उल्लास के तहत इससे पहले घाटशिला अनुमंडल अस्पताल, साकची स्थित टीकौषधि भंडार, चाकुलिया और पोटका सहित विभिन्न स्थानों पर मिर्गी जांच शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। इन शिविरों से मिले सकारात्मक परिणामों को देखते हुए पटमदा में दोबारा विशेष शिविर का आयोजन किया गया।
खराब मौसम के बावजूद पहुंचे मरीज
चक्रवात ‘अकवान’ के कारण खराब मौसम के बावजूद पटमदा के शिविर में बड़ी संख्या में मिर्गी रोगी पहुंचे। मरीजों को जांच और परामर्श के साथ निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराई गईं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से की गई व्यवस्थाओं की मरीजों के परिजनों ने सराहना की और जिला प्रशासन एवं सिविल सर्जन के प्रति आभार जताया।
READ MORE :RAILWAY NEWS:छठ के बाद यात्रियों के लिए रक्सौल-चर्लपल्ली पूजा स्पेशल ट्रेन, रांची-बोकारो-धनबाद होकर चलेगी
स्वास्थ्य कर्मियों ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
शिविर को सफल बनाने में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पटमदा के प्रभारी डॉ. राजीव कुमार सिंह, जिला मानसिक स्वास्थ्य विभाग के मनोचिकित्सक डॉ. महेश हेम्ब्रम एवं डॉ. वीआरके सिन्हा, जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. राजीव लोचन महतो, प्रखंड लेखा प्रबंधक सुगदा मुर्मू, दिलीप कुमार, हिकिम प्रधान, पंकज माइती, काजल चौधरी, सत्यम कुमार, सुजय कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मियों, एसटीटी, सहिया साथी और सहियाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल और परियोजना उल्लास के नोडल पदाधिकारी डॉ. रंजीत कुमार पांडा के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य मिर्गी रोगियों तक जांच, परामर्श और नियमित उपचार की सुविधा पहुंचाना रहा।



