
रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां और दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन का बुधवार रात रांची में निधन हो गया। उन्होंने बरियातू रोड स्थित हिल व्यू अस्पताल में रात करीब 9 बजे अंतिम सांस ली। वह करीब 80 वर्ष की थीं। उनके निधन की जानकारी अस्पताल के कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. दीपक गुप्ता और न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. उज्जवल राय ने दी।
रूपी सोरेन के निधन की खबर सामने आते ही झारखंड के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में नेता, कार्यकर्ता और समर्थक अस्पताल पहुंचे और सोरेन परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
हिल व्यू अस्पताल में चल रहा था इलाज
रूपी सोरेन पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रही थीं। सितंबर में सांस लेने में तकलीफ के बाद उन्हें रांची के हिल व्यू अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इससे पहले हैदराबाद में भी उनका इलाज कराया गया था। रांची लौटने के बाद चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी था।
बुधवार को उनकी तबीयत अचानक ज्यादा बिगड़ गई। अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी। कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. दीपक गुप्ता, न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. उज्जवल राय समेत अन्य चिकित्सक उपचार में जुटे थे।
मां की गंभीर हालत की जानकारी मिलते ही अस्पताल पहुंचे हेमंत सोरेन
रूपी सोरेन की हालत गंभीर होने की जानकारी के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बुधवार शाम करीब चार बजे हिल व्यू अस्पताल पहुंचे। उन्होंने चिकित्सकों से अपनी मां के स्वास्थ्य की जानकारी ली। मुख्यमंत्री के अस्पताल पहुंचने के बाद राज्य सरकार के मंत्री योगेंद्र प्रसाद समेत कई नेता भी अस्पताल पहुंचे।
मां की गंभीर स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार के अपने कई निर्धारित कार्यक्रम स्थगित कर दिए थे। राज्य मंत्रिपरिषद की बुधवार शाम प्रस्तावित बैठक भी स्थगित कर दी गई थी।
शिबू सोरेन के साथ लंबे समय तक रहीं रूपी सोरेन
रूपी सोरेन का विवाह एक जनवरी 1962 को शिबू सोरेन के साथ हुआ था। विवाह के बाद उन्होंने लंबे समय तक शिबू सोरेन के साथ रहकर परिवार और सामाजिक जीवन में अपनी भूमिका निभाई। उनके निधन से सोरेन परिवार के साथ-साथ झारखंड के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में भी शोक का माहौल है।
रूपी सोरेन के निधन की खबर के बाद बड़ी संख्या में समर्थक और शुभचिंतक सोरेन परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।

