जमशेदपुर.
श्री कृष्ण जन्माष्टमी के शुभ अवसर पर एग्रीको स्थित पूजा मैदान में सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमेटी की ओर से विधि-विधान से भूमि पूजन का आयोजन किया गया. पंडितों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा स्थल का पवित्रीकरण किया गया, जिसके साथ ही आगामी दुर्गा पूजा महोत्सव के पंडाल निर्माण की प्रक्रिया का औपचारिक शुभारंभ हो गया.
विधायक और गणमान्य लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में मुख्य रूप से जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सह कमेटी के संरक्षक सरयू राय उपस्थित रहे. उन्होंने माँ दुर्गा और भगवान श्री कृष्ण के समक्ष दीप प्रज्वलित कर पूजा-अर्चना की. इस दौरान उन्होंने शहरवासियों की सुख-समृद्धि, भाईचारे और दुर्गा पूजा के सफल तथा शांतिपूर्ण आयोजन के लिए माँ भगवती से प्रार्थना की.
श्रद्धालुओं में दिखा जबरदस्त उत्साह
भूमि पूजन के इस पावन अवसर पर कमेटी के पदाधिकारी, सक्रिय सदस्य और भारी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु शामिल हुए. जन्माष्टमी और भूमि पूजन का सुंदर संयोग होने के कारण भक्तों में विशेष उत्साह और उमंग देखा गया. पूरा पूजा स्थल ‘जय माता दी’ और ‘जय श्री कृष्ण’ के जयकारों से गूंज उठा. कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया.


