
रांची/दिल्ली।
झारखंड सरकार के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता मंत्री और घाटशिला विधायक श्री रामदास सोरेन की हालत गंभीर बनी हुई है। शनिवार सुबह बाथरूम में फिसलने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसके बाद उन्हें पहले जमशेदपुर के टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परंतु स्थिति में सुधार न होने पर उन्हें तत्काल एयरलिफ्ट कर दिल्ली के इंद्रप्रस्थ अपोलो हॉस्पिटल लाया गया।

अपोलो अस्पताल ने जारी किया बुलेटिन
अपोलो हॉस्पिटल प्रशासन ने उनकी स्थिति को लेकर मेडिकल बुलेटिन जारी करते हुए बताया कि उन्हें जीवन रक्षक प्रणाली (लाइफ सपोर्ट सिस्टम) पर रखा गया है और वरिष्ठ डॉक्टरों की एक बहु-विषयक विशेषज्ञ टीम लगातार उनकी हालत पर नजर बनाए हुए है।अपोलो अस्पताल प्रशासन ने रविवार को उनके स्वास्थ्य को लेकर आधिकारिक बुलेटिन जारी किया है। बुलेटिन के अनुसार:
“मंत्री श्री रामदास सोरेन को आज सुबह गंभीर अवस्था में इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल लाया गया। उन्हें तत्काल जीवन रक्षक प्रणाली (life support system) पर रखा गया है। वरिष्ठ विशेषज्ञों की एक बहु-विषयक टीम उनकी निगरानी कर रही है और गहन चिकित्सा प्रदान की जा रही है। उनकी स्थिति अत्यंत गंभीर बनी हुई है और आगे की जानकारी समय-समय पर साझा की जाएगी।”

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपोलो अस्पताल पहुंचे
परिस्थिति की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रविवार को स्वयं दिल्ली के अपोलो हॉस्पिटल पहुंचे। उन्होंने चिकित्सकों से विस्तार से जानकारी ली और मंत्री श्री सोरेन के परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि “यह मुश्किल घड़ी है, लेकिन हम सब मिलकर प्रार्थना कर रहे हैं। राज्य सरकार हर कदम पर मंत्री जी के साथ है।”
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS : मिथिलेश झा की स्मृति में रक्तदान शिविर का आयोजन 5 अगस्त को
इस घटना की सूचना सबसे पहले झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने सोशल मीडिया पर दी थी। मंत्री श्री सोरेन के स्वास्थ्य को लेकर प्रदेशभर में चिंता का माहौल है और उनके समर्थक लगातार उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।


