
पटना/बरौनी: बिहार के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। भारतीय रेल ने बरौनी और गुजरात के भुज के बीच सप्ताह में तीन दिन नई अमृत भारत एक्सप्रेस चलाने की मंजूरी दी है। रेलवे की इस नई सेवा से बिहार, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और गुजरात के कई प्रमुख शहर सीधे जुड़ेंगे। ट्रेन करीब 2,532 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।
रेल मंत्रालय से जुड़ी PIB की 25 सितंबर 2026 की जानकारी के अनुसार, नई ट्रेन पूर्वी और पश्चिमी भारत के बीच रेल यात्रा का एक अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध कराएगी। इससे इन राज्यों के बीच लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा।
भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस का शेड्यूल
ट्रेन संख्या 19427 भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस भुज से शाम 5:30 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 4:05 बजे बरौनी पहुंचेगी।यह ट्रेन भुज से प्रत्येक सोमवार, बुधवार और शनिवार को चलेगी।वापसी में ट्रेन संख्या 19428 बरौनी-भुज अमृत भारत एक्सप्रेस बरौनी से रात 11:55 बजे रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 1:15 बजे भुज पहुंचेगी। यह ट्रेन बरौनी से प्रत्येक मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को संचालित होगी।
इन प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव
नई अमृत भारत एक्सप्रेस के रूट में बिहार, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और गुजरात के कई महत्वपूर्ण स्टेशन शामिल किए गए हैं। ट्रेन के प्रमुख वाणिज्यिक ठहरावों में शामिल हैं:
समाखियाली, अहमदाबाद, रतलाम, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, भरतपुर, मथुरा, हाथरस, बरेली, इज्जतनगर, पीलीभीत, लखीमपुर, गोंडा, गोरखपुर, सीवान, छपरा, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर।
इस रूट से बिहार के यात्रियों को उत्तर प्रदेश और राजस्थान होते हुए गुजरात तक पहुंचने के लिए एक अतिरिक्त रेल विकल्प मिलेगा।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS:टाटानगर में 383.78 करोड़ से बनेगा वंदे भारत कोच डिपो, रेलवे बोर्ड ने दी स्वीकृति
चार राज्यों के बीच बढ़ेगी रेल कनेक्टिविटी
बरौनी-भुज अमृत भारत एक्सप्रेस के शुरू होने से बिहार, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और गुजरात के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिलेगा। 2,532 किलोमीटर लंबे इस रूट में कई प्रमुख शहर और औद्योगिक एवं व्यापारिक क्षेत्र शामिल हैं।
रेलवे के अनुसार, नई सेवा का उद्देश्य पूर्वी और पश्चिमी भारत के बीच यात्रा के विकल्प बढ़ाना और लंबी दूरी के यात्रियों के लिए कनेक्टिविटी में सुधार करना है।

