
जमशेदपुर: सांसद बिद्युत बरण महतो के लंबे प्रयासों के बाद टाटानगर में वंदे भारत कोच डिपो के निर्माण का मार्ग पूरी तरह से प्रशस्त हो गया है। इस आशय का आधिकारिक स्वीकृति पत्र गुरुवार को रेलवे बोर्ड की ओर से सांसद बिद्युत बरण महतो को प्रेषित किया गया है।
READ MORE :Bihar News : रेल यात्रियों को राहत, पाटलिपुत्र-पूर्णिया कोर्ट स्पेशल ट्रेन की परिचालन अवधि 17 अक्टूबर तक बढ़ी
383.78 करोड़ रुपये की लागत से होगा निर्माण
इस बड़ी योजना की स्वीकृति को लेकर रेलवे बोर्ड के डायरेक्टर (प्रोजेक्ट एंड डेवलपमेंट) सुमित कुमार द्वारा हस्ताक्षरित पत्र जारी किया गया है।पत्र में स्पष्ट रूप से सूचित किया गया है कि टाटानगर में 383.78 करोड़ रुपये की लागत से एक आधुनिक ‘वंदे भारत कोच मेंटेनेंस डिपो’ का निर्माण किया जाएगा।उल्लेखनीय है कि सांसद बिद्युत बरण महतो इस वंदे भारत कोच डिपो के निर्माण के लिए लंबे समय से प्रयासरत थे।हाल ही में संपन्न हुए संसद सत्र के दौरान उन्होंने इस मामले को लेकर लगभग चार बार रेलवे बोर्ड के निदेशक, वरीय पदाधिकारियों और रेल मंत्री से मुलाकात कर प्रमुखता से अपनी बात रखी थी।
READ MORE :festival special trains 2026 :पटना-चर्लपल्ली स्पेशल ट्रेन का 2 दिसंबर तक विस्तार
रोजगार के नए अवसर और चक्रधरपुर मंडल का होगा विकास
मेंटेनेंस कोच डिपो के निर्माण का स्वीकृति पत्र प्राप्त होने के बाद सांसद बिद्युत बरण महतो ने कहा कि रेलवे संबंधी लगभग सभी मांगों को पूरा करने के लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं।उन्होंने कहा कि कोच डिपो के निर्माण से टाटानगर रेलवे क्षेत्र में विकास की नई राह खुलेगी, युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और विशेषकर चक्रधरपुर रेल मंडल का तेजी से विकास होगा।सांसद ने इस महत्वपूर्ण कार्य की स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव सहित दक्षिण पूर्व रेलवे (SER) के महाप्रबंधक और चक्रधरपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) के सराहनीय प्रयासों के लिए उन्हें धन्यवाद दिया है।इसके साथ ही सांसद ने टाटानगर में चार अतिरिक्त रेलवे प्लेटफार्म के निर्माण का प्रस्ताव भी रेलवे बोर्ड के समक्ष रखा है, ताकि भविष्य की जरूरतों को पूरा किया जा सके।

