
जमशेदपुर।
सर्वोच्च न्यायालय द्वारा राफ़ेल डील पर सवाल उठाने वाली सभी याचिकाओं को ख़ारिज करने के बाद इस मामले में प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भारतीय जनता पार्टी ने विपक्ष को घेरा। जमशेदपुर महानगर भाजपा के जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार ने कहा कि विपक्ष का झूठ सुप्रीम कोर्ट में उज़ागर हो गया। सर्वोच्च न्यायालय ने डील को सही ठहराते हुए मोदी सरकार को क्लीन चिट दे दी है। उन्होंने कहा कि राफ़ेल डील को लेकर पीएम एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रति सदन एवं देशभर में सभाओं के माध्यम से कांग्रेस द्वारा झूठ प्रचारित किये गए थे। इस झूठ के बल पर हाल के चुनावों में कांग्रेस नित यूपीए ने भरपूर लाभ उठाया। कहा कि देश की जनता को गुमराह किया गया, कांग्रेस समेत संपूर्ण विपक्ष फ़ौरन देश की जनता से माफ़ी मांगें।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अंकित आनंद ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय ने मोदी सरकार के डील पर मुहर लगाते हुए इसे सही ठहराया है। कांग्रेस का झूठ एकबार फ़िर उज़ागर हो गया। इस मुद्दे को लेकर बीते कई महीनों से कांग्रेस एवं विपक्ष द्वारा लगातार भ्रामक दुष्प्रचार और विरोध की जा रही थी। सर्वोच्च न्यायालय ने कांग्रेस की झूठ को उज़ागर कर दिया। पीएम श्री नरेंद्र मोदी एवं भाजपा पर सवाल उठाने वाली विपक्षी पार्टियाँ फ़ौरन देश से माफ़ी मांगें। कहा कि वर्षों से घोटालों और लूट-फ़रेब में रमी बसी कांग्रेस को सभी अपने जैसे ही भ्रष्ट नज़र आते हैं। पीएम मोदी ने 2014 के लोकसभा चुनावों में भी कहा था कि “देश नहीं झुकने दूँगा”। वे आज भी इस नीति पर कायम हैं। मोदी सरकार ऐसे किसी फ़रेब या घोटाले में लिप्त नहीं है, यह सर्वोच्च न्यायालय ने भी सिद्ध कर दिया। कहा कि आगामी चुनावों में कांग्रेस पर यह झूठ बेहद भारी पड़ेगी। जनता जवाब देने को तैयार बैठी है।
