
मुख्यमंत्री रघुवर दास की घोषणा को अमली जामा पहनाने की प्रक्रिया शुरू


प्रधान सचिव के निर्देश पर अधिकारियों ने लिया प्रस्तावित परियोजना स्थल का जायजा
रांची।
मुख्यमंत्री रघुवर दास द्वारा पतरातू घाटी में फिल्म सिटी बनाये जाने से सम्बंधित घोषणा को अमली जामा पहनाने की प्रक्रिया शुरू हो गयी है। मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव सह प्रधान सचिव सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग श्री संजय कुमार के निर्देश पर सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग की उप निदेशक श्रीमती शालिनी वर्मा और सहायक निदेशक श्री बीरू कुशवाहा ने पतरातू के अंचलाधिकारी श्री रितेश जायसवाल के साथ फिल्म सिटी परियोजना के लिए प्रस्तावित भूखंड का जायजा लिया। रामगढ के उपायुक्त ने फिल्म सिटी परियोजना के लिए 200 एकड़ का भूखंड चिन्हित किया है। पतरातू से 8 किलोमीटर दूर टोंकीसूद और पालू ग्राम की 100 – 100 एकड़ जमीन फिल्म सिटी परियोजना के लिए चिन्हित की गई है। आज परियोजना स्थल का जायजा लेने के बाद सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के दोनों अधिकारियों द्वारा समर्पित प्रतिवेदन के आधार पर अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी।
फिल्म सिटी परियोजना के लिए प्रस्तावित भूखंड राजधानी रांची से करीब 45 किलोमीटर दूर है और रांची – पतरातू – रामगढ़ फोर लेन सड़क से जुड़ा हुआ है। नयनाभिराम सौंदर्य से युक्त पतरातू डैम प्रस्तावित परियोजना स्थल से मात्र 8 किलोमीटर दूर है और ख़ूबसूरत घुमावदार पतरातू घाटी की रोमांचक यात्रा करते हुए राजधानी रांची से यहां तक बमुश्किल आधे घंटे में पहुंचा जा सकता है। परियोजना स्थल न सिर्फ सुविधाजनक मार्गीय सुविधा से युक्त है बल्कि प्राकृतिक सौंदर्य यहां प्रचुरता में उपलब्ध है। आसपास फ़ैली हरियाली और ग्राम्य जीवन का नैसर्गिक सौंदर्य तो यहां उपलब्ध है ही, पानी, बिजली जैसी जरूरी सुविधाएं सुगमता से उपलब्ध है। पतरातू का टॉप विद्युत संयंत्र परियोजना स्थल से मात्र 8 – 10 किलोमीटर दूर है। कुल मिलाकर फिल्म निर्माण के लिए आवश्यक तमाम आधारभूत और तकनीकी सुविधाएं यहां आसानी से उपलब्ध हैं और हर लिहाज से यह स्थान फिल्म सिटी निर्माण के लिए सर्वथा उपयुक्त है।

