बिहटा (पटना) में स्थित 9वीं वाहिनीं एनडीआरएफ की 04 टीमें पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर, उत्तर एवं दक्षिण 24 परगना और हावड़ा जिलों में चक्रवाती तूफान “अम्फान” से तबाही के बाद राहत व बचाव ऑपेरशन में दिन-रात मुस्तैदी से जुटी हुई है। वर्तमान में एनडीआरएफ की कुल 38 टीमें पश्चिम बंगाल में राहत व बचाव कार्य में जुटी हुई है।


विजय सिन्हा, कमान्डेंट ने कहा कि बल मुख्यालय नई दिल्ली के निर्देशानुसार 9वीं वाहिनीं एनडीआरएफ बिहटा (पटना) की इन 04 टीमों को पश्चिम बंगाल के विभिन्न जिलों में चक्रवाती तूफान ‘अम्फान’ के मद्देनजर 19 मई को तैनात किया गया था। 9वीं वाहिनीं एनडीआरएफ की एक टीम निरीक्षक पीटर पॉल डुंगडुंग के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल राज्य के पूर्व मेदिनीपुर जिलान्तर्गत बहुचर्चित नन्दीग्राम इलाके में ऑपेरशनल कार्य में दृढ़ता के साथ जुटी हुई हैं। एनडीआरएफ टीम नन्दीग्राम प्रखंडतर्गत महेशपुर, परुलबाडी, बसूरकटा, टेंगुआ, हरिनाथपुर आदि इलाकों में अत्याधुनिक कटिंग उपकरणों की मदद से चक्रवाती तूफान में उखड़ कर भारी तादाद में सड़कों पर गिरे पेड़ों को काटकर जल्द से जल्द सड़क नेटवर्क बहाल करने में जुटी हुई है। मुख्य सड़क नेटवर्क बहाल करने के बाद टीम लिंक रोड से पेड़ों को हटाने में जुटी हुई है। एनडीआरएफ के बचावकर्मी चक्रवाती तूफान से उखड़ कर गिरे बिजली के खम्भों को भी अत्याधुनिक कटिंग टूल्स की मदद से काटकर एवं यथाशिघ्र हटाकर बिजली सुविधा मुहैया कराने में राज्य बिजली विभाग के कर्मचारियों को भी मदद कर रहे हैं। उत्तर 24 परगना जिला में टीम कमान्डर ब्रह्म देव यादव के नेतृत्व में 9वीं वाहिनीं एनडीआरएफ की एक टीम हाबड़ा प्रखण्ड इलाके में और सब-स्टेशन आनंदपुर में चक्रवात से बाद तबाही के बाद सड़क नेटवर्क और बिजली सुविधा बहाल करने में जिला प्रशासन को लगातार मदद कर रहे हैं। उप कमान्डेंट कुलदीप कुमार गुप्ता के देखरेख में और टीम कमान्डर महेन्द्र सिंह धामी के नेतृत्व में एक टीम हावड़ा जिला में और निरीक्षक राजेश मीणा के नेतृत्व में एक टीम दक्षिण 24 परगना जिला में राहत व बचाव ऑपेरशन में मुस्तैदी से जुटी हुई है।
कमान्डेंट विजय सिन्हा ने आगे बताया कि 9वीं वाहिनीं एनडीआरएफ की इन चारों टीमों के देखरेख और प्रशासन एवं अन्य एजेंसियों के साथ कुशल समन्वय के लिए द्वितीय कमान अधिकारी रवि कान्त को भेजा गया है।


