
पटना।


शुक्रवार 25 सितम्बर 2020 को 9वीं बटालियन एनडीआरएफ और हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा गिधा (आरा) में स्थित एलपीजी बॉटलिंग प्लांट में रासायनिक आपदा पर एक संयुक्त मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस मॉक ड्रिल में एनडीआरएफ और हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड के साथ अग्निशमन सेवा, इण्डियन ऑयल कॉर्पोरेशन
लिमिटेड तथा स्थानीय पुलिस ने बढ-चढकर हिस्सा लिया तथा इसे सफल बनाया।
मॉक ड्रिल के दौरान भोजपुर जिलान्तर्गत गिधा में स्थित एचपीसीएल बॉटलिंग प्लांट में एलपीजी गैस रिसाव तथा घटनास्थल पर कुछ कर्मचारियों के फँसे होने का दृश्य चित्रित किया गया था। प्रतिभागी सभी एजेंसियों ने बेहतर समन्वय स्थापित कर इस आपदा से निपटने का कुशल अभ्यास किया। प्लांट द्वारा आपदा से निपटने के लिए तैयार किये गये ऑन-साइट योजना के तहत पूरी रेस्पांस की कार्यवाही की गई। 9वीं बटालियन एनडीआरएफ टीम का नेतृत्व अभिषेक कुमार राय, उप कमान्डेंट ने किया। इस अभ्यास के दौरान कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के पहलूओं का भी सख्ती से पालन किया गया।
9वीं बटालियन एनडीआरएफ के कमान्डेंट विजय सिन्हा ने बताया कि इस मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में काम कर रही विभिन्न एजेन्सियों के बीच परस्पर समन्वय तथा कार्यक्षमता को और बढाना है ताकि वास्तविक आपदा के दौरान जानमाल के नुकसान को रोका जा सके।

