
जमशेदपुर।आकांक्षी जिला के तौर पर नीति आयोग द्वारा जिले में विभिन्न क्षेत्रों में चलाई जा रही योजनाओं की प्रगति की थर्ड पार्टी वेरिफिकेशन हेतु नीति आयोग द्वारा नियुक्त एजेंसी टाटा ट्रस्ट की सहयोगी संस्था एजूट फाउंडेशन के सदस्यों ने आज उपायुक्त से औपचारिक मुलाकात कर गहन विचार विमर्श किया।


उल्लेखनीय है कि नीति आयोग द्वारा आकांक्षी जिलों में तय सूचकांक के अनुरूप स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और कृषि के क्षेत्र में प्रगति हेतु किए जा रहे कार्यों के आधार पर जिला द्वारा नीति आयोग के पोर्टल पर लगातार प्रगति रिपोर्ट संबंधी प्रतिवेदन अपलोड किया जाता है, जिसके सत्यापन व मूल्यांकन हेतु नीति आयोग द्वारा निजी एजेंसी टाटा ट्रस्ट को नियुक्त किया गया है। एजेंसी द्वारा जिले में स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और कृषि के क्षेत्र में विकास हेतु किए गए कार्यों के अवलोकन के पश्चात वो नीति आयोग के द्वारा तय मानक के अनुसार कार्य संतोषजनक हुए हैं अथवा नहीं साथ ही नीति आयोग को जिले द्वारा जो प्रगति रिपोर्ट दिए गए हैं वो ठीक हैं अथवा नहीं इससे संबंधित प्रतिवेदन एजेंसी द्वारा जिले में सर्वे पश्चात नीति आयोग को सौंपा जाएगा जिसके आधार पर जिले की रैकिंग होगी। गौरतलब है कि नीति आयोग द्वारा एजूट फाउंडेशन को जिले के सर्वे हेतु नियुक्त किया गया है। इस क्रम में आज एजूट फाउंडेशन के सदस्यों ने उपायुक्त से औपचारिक मुलाकात कर जिले में विकास संबधी विषय पर चर्चा की। इस अवसर पर डीडीसी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

