
नई दिल्ली / झारखंड।
केंद्र सरकार ने झारखंड और मध्य प्रदेश के बीच रेल संपर्क को और सशक्त बनाने की दिशा में एक अहम फैसला लिया है। रेल मंत्रालय ने धनबाद–भोपाल एक्सप्रेस को मंजूरी दे दी है। इस नई ट्रेन सेवा के शुरू होने से दोनों राज्यों के बीच यात्रियों को सीधी, सुविधाजनक और समय की बचत वाली यात्रा का लाभ मिलेगा। हालांकि, रेलवे की ओर से अभी तक ट्रेन के औपचारिक शुभारंभ की तारीख की घोषणा नहीं की गई है, लेकिन अधिसूचना जारी होने के बाद यात्रियों में उत्साह देखा जा रहा है।

सप्ताह में तीन दिन चलेगी ट्रेन
रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार यह ट्रेन सप्ताह में तीन दिन परिचालित होगी।
ट्रेन संख्या 11631 भोपाल–धनबाद एक्सप्रेस भोपाल से रात 8:55 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन रात 8:30 बजे धनबाद पहुंचेगी।
वहीं ट्रेन संख्या 11632 धनबाद–भोपाल एक्सप्रेस धनबाद से सुबह 7:20 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 7:00 बजे भोपाल पहुंचेगी।
समय-सारिणी के अनुसार, भोपाल से यह ट्रेन सोमवार, गुरुवार और शुक्रवार को चलेगी, जबकि धनबाद से इसका परिचालन रविवार, बुधवार और शनिवार को होगा।
24 कोच, 31 स्टेशनों पर ठहराव
यह एक्सप्रेस ट्रेन कुल 24 कोच के साथ चलेगी और मार्ग में दोनों दिशाओं में 31 प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी। इनमें मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड के कई अहम स्टेशन शामिल हैं। प्रमुख ठहराव स्टेशनों में विदिशा, गंज बसोदा, बीना, सागर, दमोह, कटनी मुरवारा, ब्यौहारी, सिंगरौली, चोपन, रेणुकूट, नगर उंटारी, गढ़वा रोड, डाल्टनगंज, बरवाडीह, लातेहार, तोरी, पतरातू, रांची रोड, बोकारो थर्मल, चंद्रपुरा और कतरासगढ़ प्रमुख हैं।
यात्रियों को मिलेगा बड़ा लाभ
धनबाद–भोपाल एक्सप्रेस के शुरू होने से झारखंड और मध्य प्रदेश के बीच व्यापार, शिक्षा, रोजगार और पारिवारिक यात्राओं को नई गति मिलेगी। खासतौर पर धनबाद, बोकारो, रांची रोड और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को भोपाल सहित मध्य प्रदेश के प्रमुख शहरों तक सीधा रेल संपर्क मिलेगा। व्यापारिक संगठनों और आम यात्रियों ने इस फैसले का स्वागत किया है और जल्द ट्रेन परिचालन शुरू होने की उम्मीद जताई है।


