
नई दिल्ली.


महाकुंभ में संगम स्नान के लिए प्रयागराज जाने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने से शनिवार रात नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ मच गई, जिसमें 18 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक घायल हो गए हैं.
दरअसल यहां कुंभ जाने के लिए भारी भीड़ नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर पहुंची थी. इसी दौरान प्लेटफॉर्म नंबर 14 और 15 पर भारी भीड़ के कारण भगदड़ मच गई.
DCP रेलवे केपीएस मल्होत्रा ने कहा, ‘नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ जैसी स्थिति में 15 लोग घायल हो गए. प्रयागराज एक्सप्रेस जब प्लेटफॉर्म नंबर 14 पर खड़ी थी, तब प्लेटफॉर्म पर काफी लोग मौजूद थे. स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस और भुवनेश्वर राजधानी लेट थीं और इन ट्रेनों के यात्री भी प्लेटफॉर्म नंबर 12,13 और 14 पर मौजूद थे. जानकारी के मुताबिक, 1500 जनरल टिकट बिक चुके थे, इसलिए भीड़ बेकाबू हो गई. प्लेटफॉर्म नंबर 14 और प्लेटफॉर्म नंबर 1 के पास एस्केलेटर के पास भगदड़ जैसी स्थिति हो गई.’ इस बीच रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि नई दिल्ली स्टेशन पर स्थिति नियंत्रण में है और घायलों को अस्पताल ले जाया गया है, साथ ही भीड़ को संभालने के लिए विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं.


