
कोरोना महामारी के खिलाफ जंग में बिहटा (पटना) स्थित 9वीं बटालियन एनडीआरएफ द्वारा बिहार और झारखण्ड राज्यों में व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस बारे में जानकारी देते हुए कमान्डेंट विजय सिन्हा ने बताया कि कोरोना वायरस महामारी से बचाव विषय पर चलाये जा रहे इस जन-जागरूकता अभियान का मूल उद्देश्य जल्द से जल्द कोरोना संक्रमण की कड़ी को तोड़ना है ताकि इस महामारी से जल्द से जल्द हम सभी मुक्त हो सकें। उन्होंने लोगों से अपील किया कि जब तक इस महामारी की दवा उपलब्ध नहीं हो जाती, हम सभी को इससे बचने के लिए सतर्कता व सूझबूझ के साथ सावधानी बरतनी चाहिए। घर से बाहर निकलते समय मास्क का इस्तेमाल जरूर करें। व्यक्तिगत दूरी का पालन करें तथा अपने हाथों की सफाई बार-बार अच्छी तरह करें। इस महामारी काल में समाज के हम सभी लोगों का दायित्व है कि अपने आस-पास के लोगों को भी कोरोना वायरस महामारी से बचाव के सुरक्षात्मक कदम उठाने के लिए निरन्तर प्रोत्साहित करें।


उन्होंने आगे बताया कि इस अभियान के तहत शनिवार को एनडीआरएफ के बचावकर्मियों ने बिहार राज्य के पूर्वी चम्पारण जिलान्तर्गत संग्रामपुर प्रखण्ड में, सुपौल जिलान्तर्गत राघोपुर प्रखण्ड में तथा पटना जिला के बिहटा और राजधानी पटना में कोरोना वायरस महामारी से बचाव विषय पर जन-जागरूकता कार्यक्रम चलाया और लोगों को इस महामारी से बचाव के लिए हर सम्भव सुरक्षात्मक कदम उठाने के लिए शपथ दिलाया। झारखण्ड राज्य के राजधानी राँची और देवघर में भी कोविड-19 के महत्वपूर्ण जानकारियों से स्थानीय लोगों को जागरूक किया गया तथा उन्हें शपथ दिलाया गया

