
कोरोना वायरस महामारी का खतरा अभी टला नहीं है और अभी तक इस महामारी का कोई दवा उपलब्ध नहीं है। अतः जागरूकता और समुचित परहेज ही कोरोना वायरस महामारी से बचाव है। एनडीआरएफ बल मुख्यालय नई दिल्ली के निर्देश पर बिहटा (पटना) स्थित 9वीं बटालियन एनडीआरएफ द्वारा कोरोना वायरस महामारी से बचाव विषय पर बिहार और झारखण्ड राज्यों में जन-जागरूकता अभियान बड़े पैमाने पर चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत एनडीआरएफ के कार्मिकों द्वारा समाज के सभी लोगों जिसमें महिलायें, युवा, मजदूर, छात्र आदि को कोरोना से बचाव के प्रति जागरूक किया जा रहा है। सभी लोगों को कोरोना महामारी से बचाव हेतु सुरक्षात्मक कदम उठाने के लिए शपथ भी दिलाया जा रहा है।


कमान्डेंट विजय सिन्हा ने बताया कि कोरोना वायरस महामारी को रोकने के लिए हमारे समाज के सभी लोगों को ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ इससे सम्बंधित सुरक्षात्मक उपायों और प्रोटोकॉल का पालन करना करना चाहिए। उन्होंने आगे जानकारी दिया कि बुधवार को इस अभियान के तहत 9वीं बटालियन एनडीआरएफ के बचावकर्मियों ने बिहार राज्य के पूर्वी चम्पारण जिलान्तर्गत संग्रामपुर प्रखण्ड में, सुपौल जिलान्तर्गत राघोपुर प्रखण्ड में तथा पटना जिलान्तर्गत पटना सिटी और बिहटा में कोविड-19 विषय पर जन-जागरूकता कार्यक्रम चलाया तथा लोगों को शपथ दिलाया।
झारखण्ड राज्य के राजधानी राँची और बाबा बैजनाथ धाम नगरी देवघर में भी कोविड-19 के महत्वपूर्ण जानकारियों से स्थानीय लोगों को जागरूक किया गया तथा उपस्थित लोगों को कोरोना वायरस के सुरक्षात्मक उपायों को पालन करने के लिए शपथ दिलाया गया।

