
मुजफ्फरपुर की विश्वप्रसिद्ध शाही लीची का सीजन शुरू होते ही इसे देश के बड़े बाजारों तक पहुंचाने की रफ्तार तेज हो गई है। उत्तर भारत के इस खास फल की सबसे ज्यादा मांग मुंबई जैसे महानगरों में होती है। इस साल मौसम के उतार-चढ़ाव के बावजूद व्यापारियों और रेलवे प्रशासन ने लीची को सुरक्षित और बिना खराब हुए समय पर पहुंचाने के लिए कमर कस ली है। मुजफ्फरपुर से मुंबई (एलटीटी) जाने वाली ट्रेन संख्या 11062 पवन एक्सप्रेस के जरिए लीची ट्रांसपोर्टेशन के लिए विशेष पार्सल वैन (VPU/VPH) लगाने की मांग जोरों पर है।
मौसम की मार के बीच लीची का बाजार तैयार
इस बार खराब मौसम की वजह से मुजफ्फरपुर और आसपास के इलाकों में लीची का उत्पादन थोड़ा प्रभावित हुआ है, लेकिन इसकी मिठास और मांग में कोई कमी नहीं आई है। व्यापारियों के अनुसार, लीची की फसल तैयार हो चुकी है और कई जगहों पर पकना भी शुरू हो गई है। ऐसे में टूटते ही लीची को तुरंत मंडियों तक पहुंचाना जरूरी है। इसी को ध्यान में रखते हुए व्यापारियों ने रेलवे से हाई-कैपेसिटी वाले पार्सल वैन उपलब्ध कराने की अपील की है।
व्यापारियों ने रेलवे प्रशासन को सौंपा आवेदन
मुजफ्फरपुर के स्थानीय लीची व्यापारियों ने पार्सल अधीक्षक को एक लिखित आवेदन सौंपकर विशेष वैन की मांग की है। विजय कुमार और उनके साथ जुड़े 13 अन्य व्यापारियों ने स्पष्ट किया है कि 24 मई 2026 से लीची की बड़े पैमाने पर लोडिंग शुरू होने की उम्मीद है। इसलिए पवन एक्सप्रेस में 24 मई से ही पार्सल वैन की सुविधा दी जाए। वहीं, सूरज कुमार और 4 अन्य व्यापारियों ने 27 मई 2026 से वीपी उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।
डीआरएम को भेजा गया अहम प्रस्ताव
व्यापारियों की इस जरूरत को देखते हुए मुजफ्फरपुर स्टेशन के मुख्य पार्सल पर्यवेक्षक ने तुरंत कदम उठाया है। 16 मई 2026 को समस्तीपुर रेल मंडल के डीआरएम (वाणिज्य) को एक आधिकारिक पत्र भेजकर पवन एक्सप्रेस में तत्काल वीपी (पार्सल वैन) जोड़ने की सिफारिश की गई है।
लीची व्यापारियों की मांग पर मंडल द्वारा 15 मई 2026 से लीची लदान हेतु VP उपलब्ध कराने की तैयारी पूरी कर ली गई थी।
किंतु व्यापारियों द्वारा यह बताए जाने कि लीची अभी नही पकी है तथा उनके पुनः अनुरोध पर अब रेलवे द्वारा लीची लदान हेतु VP की उपलब्धता 26 मई 2026 से कराई जाएगी। pic.twitter.com/S3tqVtVRo4— DRM SAMASTIPUR (@spjdivn) May 17, 2026
मुंबई के लिए लीची की बुकिंग ने पकड़ी रफ्तार
रेलवे रिकॉर्ड के मुताबिक, 16 मई 2026 को ही पवन एक्सप्रेस के एसएलआर कोच में मुंबई के लिए लगभग 60 क्विंटल लीची बुक की जा चुकी है। रेलवे का अनुमान है कि आने वाले कुछ ही दिनों में पार्सल बुकिंग का ग्राफ बहुत तेजी से बढ़ेगा। इसी संभावित ट्रैफिक को सुचारू रूप से संभालने और किसानों को आर्थिक नुकसान से बचाने के लिए अतिरिक्त पार्सल वैन के परिचालन पर जल्द ही अंतिम फैसला लिया जा सकता है।


