
धनबाद:* भारतीय रेल की संवेदनशील कार्यसंस्कृति और यात्री सेवा का एक उत्कृष्ट उदाहरण चोपन स्टेशन पर देखने को मिला है। दिनांक 15.05.2026 को गाड़ी संख्या 13350 पटना–सिंगरौली एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे एक यात्री का बैग ट्रेन पकड़ने की जल्दबाजी में पटना स्टेशन पर ही छूट गया था। यात्री ने चोपन स्टेशन पहुँचकर इस बात की जानकारी मुख्य टिकट निरीक्षक को दी।
सूचना मिलते ही मुख्य टिकट निरीक्षक यू. के. सिंह ने त्वरित कार्रवाई की। उन्होंने संवेदनशीलता दिखाते हुए तुरंत पटना स्टेशन के अधिकारियों से संपर्क साधा और समन्वय स्थापित किया। रेलकर्मियों के प्रयास से यात्री का बैग सकुशल चोपन स्टेशन मंगवाया गया और आज उसे सुरक्षित रूप से यात्री को सौंप दिया गया। अपना कीमती सामान वापस पाकर यात्री ने रेल प्रशासन और चोपन स्टेशन के कर्मचारियों का सहदिल से आभार व्यक्त किया।
कोलकाता-अहमदाबाद एक्सप्रेस में शराबी यात्री ने मचाया उत्पात
इसी बीच चोपन स्टेशन पर रेलकर्मियों की मुस्तैदी का एक और मामला सामने आया। आज गाड़ी संख्या 19414 कोलकाता–अहमदाबाद एक्सप्रेस के शयनयान कोच (एसई/1) में एक यात्री सामान्य श्रेणी का टिकट लेकर सफर कर रहा था। वह अत्यधिक नशे की हालत में था और कोच में मौजूद अन्य सहयात्रियों के साथ अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज कर रहा था।
चूंकि कोच में बड़ी संख्या में यात्री सवार थे, इसलिए इस उपद्रव के कारण डिब्बे में असुरक्षा और भारी असुविधा का माहौल बन गया। यात्रियों की सुरक्षा को खतरे में देख ट्रेन में तैनात टिकट जाँच कर्मियों ने बिना वक्त गंवाए त्वरित एक्शन लिया।
सजग रेलकर्मियों ने उपद्रवी को किया RPF के हवाले
मामले की गंभीरता को भांपते हुए टिकट चेकिंग स्टाफ ने चोपन स्टेशन पर गाड़ी के रुकते ही उस शराबी यात्री को ट्रेन से नीचे उतारा। इसके बाद उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) चोपन के सुपुर्द कर दिया गया। रेल प्रशासन की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों ने राहत की सांस ली।
यात्रियों ने रेलवे कर्मचारियों की इस तत्परता की सराहना की और धन्यवाद दिया। रेल प्रशासन ने भी अपने कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट यात्री सेवा भावना की पीठ थपथपाई है। यह दोनों घटनाएं साबित करती हैं कि भारतीय रेल यात्री सुरक्षा और सेवा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।


