
जमशेदपुर: सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित जंगल में मंगलवार देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, इस दौरान दोनों ओर से करीब तीन-तीन राउंड फायरिंग हुई। जवाबी कार्रवाई में बिंदल मॉल रेस्टोरेंट गोलीकांड के दो कथित शूटर मोहन यादव और अजीत मंडल के पैर में गोली लगी। दोनों को घायल अवस्था में एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके से दो पिस्टल बरामद करने का दावा किया है।
सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि 26 सितंबर को सोनारी स्थित बिंदल मॉल के रेस्टोरेंट में तीन अपराधियों ने कथित तौर पर दिनदहाड़े गोलीबारी की थी। घटना में चार लोग घायल हुए थे। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी। फुटेज में तीन युवकों के बाइक से पहुंचने और उनमें से दो के रेस्टोरेंट के अंदर जाकर फायरिंग करने की बात सामने आई थी।
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद कथित साजिशकर्ता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था, जबकि तीनों कथित शूटरों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी। पुलिस ने तीनों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया था।
एसएसपी के निर्देश पर पुलिस टीम ने मंगलवार देर शाम मोहन यादव और अजीत मंडल को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान दोनों ने घटना में इस्तेमाल हथियारों को मरीन ड्राइव के जंगल में एक पेड़ के पीछे छिपाए जाने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस दोनों को हथियार बरामद करने के लिए जंगल में लेकर पहुंची।
पुलिस के अनुसार, हथियार बरामदगी के दौरान दोनों आरोपियों ने मौका देखकर एक पुलिसकर्मी की कमर से पिस्टल छीन ली और पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों के पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
घटना की सूचना के बाद एसएसपी, सिटी एसपी, डीएसपी और थाना प्रभारी समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। घटनास्थल को सील कर जांच शुरू कर दी गई है।
सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि बिंदल मॉल गोलीकांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना में प्रयुक्त हथियारों की बरामदगी को लेकर पुलिस की कार्रवाई जारी है। मुठभेड़ की परिस्थितियों और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

