
ग्रेटर नोयडा : विनेश फोगट की अगुवाई वाली मुम्बई महारथी की टीम रविवार को होने वाले प्रो रेसलिंग लीग के मुक़ाबले में दिल्ली सुल्तांस को हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की करने के इरादे से उतरेगी। वहीं दिल्ली सुल्तांस के जीतने की स्थिति में अंतिम चार में पहुंचने की होड़ और भी दिलचस्प हो जाएगी।


मुम्बई के चार मैचों में चार अंक हैं जबकि दिल्ली के इतने ही मैचों में दो अंक हैं। हालांकि इस मुक़ाबले में मुम्बई फेवरेट है लेकिन पुरुषों के 86 और महिलाओं के 57 और 76 किलो में कड़ा मुक़ाबला देखने को मिल सकता है। 86 किलो में दिल्ली सुल्तांस के प्रवीण के सामने मुम्बई टीम के दीपक पूनिया होंगे। दीपक इस सीज़न में कई उलटफेर कर चुके हैं लेकिन प्रवीण के हाथों उन्हें पिछले दिनों राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में हार का सामना करना पड़ा था। यहां उनके लिए उस हार का हिसाब चुकता करने का अच्छा मौका है। वहीं महिलाओं में 57 किलो में दिल्ली टीम की कैथरीना का मुक़ाबला बेत्ज़ाबेथ से होगा। कैथरीना वर्ल्ड चैम्पियनशिप में मेडल राउंड में पहुंची थीं जबकि बेत्ज़ाबेथ ने यही कमाल रियो ओलिम्पिक में किया था। दिक्कत यह है कि दोनों का भारतीय खिलाड़ियों से हारने के बाद मनोबल पस्त हुआ है।
76 किलो में मुम्बई टीम में हंगरी की खिलाड़ी ज़ैनेत नेमेत के सामने दिल्ली टीम की तेज़ी से उभरती यूक्रेन की शुत्सोवा अनास्तासिया होंगी। ज़ैनेत के पक्ष में अनुभव जाता है जबकि शुत्सोवा के पक्ष में युवा जोश। इसके अलावा दो बार उलटफेर के शिकार हो चुके मुम्बई महारथी के इब्रागिम के सामने इस बार पंकज होंगे, जो इतनी आसानी से हथियार नहीं डालते।
मुम्बई टीम के कोच अनूप दहिया ने कहा कि उन्हें टीम के सेमीफाइनल में पहुंचने को लेकर कोई संदेह नहीं है। विनेश और ज़ैनेत का अनुभव और इब्रागिम और दीपक पूनिया का युवा जोशी जीत की कुंजी हैं। बेतसीव सहित बाकी खिलाड़ी उनकी अन्य ताकत हैं। वहीं दिल्ली टीम के कोच सुजीत मान ने कहा कि लीग के शुरू में ही दो खिलाड़ियों के उपलब्ध न होने से उन्हें पहला बड़ा झटका लगा लेकिन खेतिक, साक्षी और आंद्रेई के बाद उन्हें केवल एक जीत दिलाने वाले खिलाड़ी की ज़रूरत है। वह पंकज, प्रवीण, कैथरीना और शुत्सोवा में से कोई भी हो सकता है।

