
जमशेदपुर । पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने राज्य के मुख्य सचिव को पत्र लिखकर कोविड-19 अवधि में बंद पड़ी बसों का कर माफ करने का आग्रह किया है।उन्होंने कोविड-19 के दौरान देशव्यापी लॉकडाउन की वजह से बसों का परिचालन पूर्णत: ठप रहने की चर्चा करते हुए कहा है कि झारखंड मोटर वाहन करारोपण अधिनियम 2001 और झारखंड मोटर वाहन करारोपण नियमावली 2001 की मूल भावना एवं आशय के अनुसार गैर परिचालित परिवहन वाहन कराधेय नहीं है।
उन्होंने झारखंड प्रदेश बस ऑनर्स एसोसिएशन के इस आग्रह को सही ठहराया है, जिसमें कहा गया है कि लॉकडाउन के दौरान एक फरवरी से स्थिति सामान्य होने तक वाहनों को अस्थायी परिचालन विराम मानकर ‘कर माफ करने/भुगतान से मुक्त करने/भुगतान की देय तिथि आगे विस्तारित करने संबंधित आदेश जारी किया जाये।



