
जमशेदपुर।


बागबेड़ा बजरंग टेकरी निवासी नंदलाल साहू के दोनों सुपुत्र 12 वर्षीय सोमवारू साहू एवं 10 वर्षीय गौतम साहू को आज नियमित रूप से पढ़ाई के लिए स्थानीय उप मुखिया सुनील गुप्ता एवं वार्ड सदस्य सुरेश निषाद के सहयोग से अभिभावक ने वापस सरायकेला खरसावां जिला स्थित राजनगर थाना अंतर्गत मस्ती की
पाठशाला ( हॉस्टल ) में भेज दिया गया है।
विदित हो कि सोमवार को दोनों बच्चे का मस्ती की पाठशाला ( हॉस्टल ) में बच्चों के बीच हुए विवाद के बाद मस्ती की पाठशाला (हॉस्टल) छोड़कर निकल कर भीमखांदा गांव पहुंच गए थे। जहां स्थानीय मुखिया एवं ग्रामीणों के सहयोग से राजनगर थाना को इसकी जानकारी दी गई। राजनगर थाना ने सरायकेला खरसावां के चाइल्ड लाइन के साधु चरण महतो एवं बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष महावीर महतो को इसकी जानकारी दी। तत्पश्चात दोनों बच्चों को बागबेड़ा थाना में लाकर उप मुखिया सुनील गुप्ता , वार्ड सदस्य सुरेश निषाद एवं बागबेड़ा थाना प्रभारी राजेश कुमार सिंह के प्रयास से उनके अभिभावक को थाना परिसर में ही सुपुर्द कर दी गई। बच्चे की मां की मृत्यु हो गई है, जबकि बच्चे के पिता रिक्शा चलाकर जीवन यापन करते हैं।

