
जमशेदपुर।
पश्चिमी घोड़ाबाँधा ग्राम पंचायत का एक प्रतिनिधिमंडल भाजपा जिला प्रवक्ता अंकित आनंद एवं भाजपा अनू० जनजाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष विमल बैठा के नेतृत्व में प्रखंड विकास पदाधिकारी मलय कुमार से भेंट की | इस मुलाक़ात में हाल ही में पश्चिमी घोड़ाबांधा पंचायत में किये गए शौचालय घोटाला एवं एल०ई०डी० लाईट घोटाले में अबतक प्राथमिकी दर्ज ना होने पर भाजपा नेताओं ने रोष व्यक्त किया एवं आपत्ति जताई। इस मामले में बीडीओ मलय कुमार ने जल्द ही दोषियों पर कार्यवाई का आश्वासन दिया।
● प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी की जांच में खुलासा, 70 एल०ई०डी०लाइट की खरीदारी दिखाकर 40 लाइट ही लगाया
मौके पर उपस्थित इस पूरे घोटाले का खुलासा करने वाले उप-मुखिया रविशंकर पाण्डेय ने बताया की प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी की जांच में यह साफ़ खुलासा हो चूका है की मुखिया विजय कुमार हांसदा ने 70 एल०ई०डी० लाइट की खरीदारी दिखाकर 40 लाइट का ही प्रतिस्थापन ग्राम पंचायत में किया है। बाकी तीस लाइट का सीधे-सीधे गबन मुखिया और पंचायत सचिव द्वारा कर लिया गया, परन्तु आज तक प्रखंड विकास अधिकारी द्वारा प्राथमिकी दर्ज करने के स्थान पर टाल-मटोल का रवैया अपनाया जा रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट किया कि यदि एक सप्ताह में दोषियों पर प्राथमिकी दर्ज़ नहीं हुई तो वे ज़ोरदार आंदोलन को बाध्य होंगे।
● केन्द्रीय गृह मंत्रालय के निर्देश पर जाँच शुरू
वहीं दूसरी ओर भाजपा प्रवक्ता अंकित आनंद ने बताया की इस स्ट्रीट लाइट घोटाले मामले में केन्द्रीय गृह मंत्रालय द्वारा भी जांच कराई जा रही है। केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा प्राप्त निर्देश के आलोक में पुलिस महानिदेशक (DGP) झारखण्ड ने इसकी जांच गोविंदपुर थाना प्रभारी को सौंपी है।
● प्रखंड विकास पदाधिकारी ने दिया शीघ्र प्राथमिकी दर्ज करने का आश्वासन
प्रखंड विकास पदाधिकारी मलय कुमार ने शौचालय घोटाला एवं एल०ई०डी० घोटाले में शीघ्र प्राथमिकी दर्ज करने की बात कही साथ ही उन्होंने कहा की दोनों मामले संगीन है इसलिए इसपर तेजी से जांच की जा रही है। इस दौरान बीडीओ से मुलाकात करने वालों में भाजपा जिला प्रवक्ता अंकित आनंद, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष विमल बैठा एवं पश्चिमी घोड़ाबांधा पंचायत के उप मुखिया रविशंकर पांडेय मौजूद थे।

