
उग्रवादी हिंसा में मारे गए व्यक्ति की विधवा को दी नौकरी
जमशेदपुर |
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने जमशेदपुर में दो अपराधपीड़ितों के परिजनों को दो – दो लाख रूपए राशि की चेक तथा उग्रवादी हिंसा में मारे गए एक युवक की पत्नी को अनुकंपा नियुक्ति का नियुक्ति पत्र अपने हाथों से प्रदान किया । उक्त क्षतिपूर्ति राशि दो विभिन्न हत्या के मामलों में मृतकों के परिजनों की सहायता के लिए जिला प्रशासन की तरफ से विक्टिम कंपनसेशन स्कीम -2012 के आलोक में दी गयी।
जिन दो लोगों को यह राशि दी गयी उनमे सिदगोड़ा की बच्ची माही की हत्या मामले में माही की माता बलविंदर कौर तथा हत्या के मामले में मृतक के परिजन गुरमीत कौर को माननीय मुख्यमंत्री के हाथों क्रमशः दो दो लाख रूपए की चेक दी गयी।
वही 2008 में उग्रवादी हिंसा के शिकार हुए सोकेन मुर्मू की विधवा पत्नी गुलापी मुर्मू धालभूम अंचल में अनुकंपा नियुक्ति नियुक्ति पत्र सौंपा। इस मौके पर उपायुक्त अमित कुमार, एसएसपी अनूप टी मैथ्यू , एसपी सिटी प्रशांत आनंद , एसडीओ सूरज कुमार , एडीसी सुनील कुमार , डीएसओ दिलीप तिवारी , एनडीसी डेविड बलिहार , सीएम कैंप के डिप्टी कलेक्टर संजय कुमार मौजूद थे।
उल्लेखनीय है कि विक्टिम कम्पन्सेशन स्कीम के तहत हत्या और बलात्कार जैसी घटनाओं के पीड़ितों अथवा उनके परिजनों के पुनर्वास और आर्थिक क्षतिपूर्ति के तौर पर यह राशि दी जाती है। इस योजना का लाभ समाज के किसी भी वर्ग अथवा तबका को मिल सकता है। हत्या के मामलों में मृतक के परिजनों को दो-दो लाख रुपए और बलात्कार पीड़िता को 50 हजार रुपए पुनर्वास सहायता स्वरुप उक्त स्कीम के तहत दिए जाने का प्रावधान है.

