
पटना।


वर्तमान में मौसम विज्ञान केन्द्र द्वारा बिहार के विभिन्न जिलों में भारी बारिश की चेतावनी और नेपाल में हो रही लगातार बारिश के मद्देनजर 9वीं बटालियन एनडीआरएफ की 17 टीमें राज्य के विभिन्न जिलों में हाई अलर्ट पर है। कमान्डेंट विजय सिन्हा ने बताया कि बाढ़ आपदा के खतरे के मद्देनजर बिहटा (पटना) स्थित 9वीं बटालियन एनडीआरएफ की 17 टीमें बिहार राज्य के 12 जिलों में तैनात है और सभी टीमों को हाई अलर्ट की स्थिति में रखा गया है ताकि ऑपरेशनल जरूरत के वक्त लोगों को त्वरित मदद पहुँचाया जा सके। वर्तमान में 04 टीमें पटना जिला में, 02-02 टीमें गोपालगंज और पूर्वी चम्पारण जिले में, 01-01 टीम क्रमशः पश्चिम चम्पारण, सारण, सुपौल, कटिहार, किसनगंज, मुजफ्फरपुर, बक्सर, भोजपुर और वैशाली जिले में बाढ़ आपदा से निपटने के लिए तैनात है । कमान्डेंट विजय सिन्हा ने आगे बताया कि हमारी सभी टीमें जिला प्रशासन से मिलाप में है तथा हमारे बचावकर्मी राज्य में बाढ़ प्रभावित लोगों को मदद करने के लिए सदैव तत्पर व तैयार है।

