
जमशेदपुर, : जेयूएससीओ स्कूल साउथ पार्क की मेजबानी में जोग्गा इंटर स्कूल बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 का उद्घाटन मंगलवार को जेआरडी बैडमिंटन ट्रेनिंग सेंटर में उत्साह और खेल भावना के साथ हुआ। प्रतियोगिता में जमशेदपुर के 26 स्कूलों के कुल 415 युवा बैडमिंटन खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
उद्घाटन समारोह में टाटा स्टील लिमिटेड के चीफ स्पोर्ट्स एवं जमशेदपुर फुटबॉल एंड स्पोर्टिंग प्राइवेट लिमिटेड के सीईओ मुकुल चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। जेईएम फाउंडेशन के सीनियर मैनेजर जिजू थॉमस बतौर विशिष्ट अतिथि समारोह में शामिल हुए। जेयूएससीओ स्कूल साउथ पार्क की प्राचार्य सह जोग्गा की सचिव मिली सिन्हा तथा जोग्गा के प्रमोटर फिरोज खान भी मौजूद रहे।
समारोह की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर की गयी। इसके बाद जेयूएससीओ स्कूल साउथ पार्क के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत कर समारोह में रंग भर दिया।
खेल विद्यार्थियों में अनुशासन और टीम भावना विकसित करता है : मुकुल चौधरी
मुख्य अतिथि मुकुल चौधरी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि जोग्गा विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा और खेल भावना प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ खेलों में भी सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि जिजू थॉमस ने युवा बैडमिंटन खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ खेल भावना, अनुशासन और टीमवर्क को प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया।
स्कूल की प्राचार्य एवं जोग्गा की सचिव मिली सिन्हा ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा को निखारने और उसे बड़े मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर देती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के लिए जोग्गा के प्रति आभार जताया।
प्रतियोगिता के उद्घाटन के साथ ही जेआरडी बैडमिंटन ट्रेनिंग सेंटर में खिलाड़ियों के बीच मुकाबलों को लेकर उत्साह देखने को मिला। 26 स्कूलों के 415 खिलाड़ियों की भागीदारी से चैंपियनशिप में रोमांचक मुकाबलों की उम्मीद है।


