
जमशेदपुर
टाटानगर रेल सिविल डिफेंस के जवान कल्याण कुमार साहू ने राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) अकादमी, नागपुर में आयोजित बाढ़ और चक्रवात प्रतिक्रिया (Flood and Cyclone Disaster Responder Course) प्रशिक्षण कोर्स में द्वितीय स्थान प्राप्त कर अपनी दक्षता और समर्पण का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।


इस विशेष पांच-सप्ताहीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में देशभर से कुल 32 जवान शामिल हुए थे, जिनमें हिमाचल प्रदेश, मेघालय, तेलंगाना TDRF, असम सिविल डिफेंस, साउदर्न रेलवे (चेन्नई), वेस्टर्न रेलवे (राजकोट व अहमदाबाद), ईस्टर्न रेलवे (कोलकाता), साउथ ईस्टर्न रेलवे (आद्रा और टाटानगर) के जवान शामिल थे।
Jamshedpur News :बाबा कन्हाईश्वर पहाड़ पूजा पर सांसद बिद्युत बरण महतो ने दी शुभकामनाएं
कोर्स के दौरान प्रशिक्षुओं को बाढ़ और चक्रवात के समय रेस्क्यू ऑपरेशन, ढह चुकी इमारतों से फंसे लोगों को निकालना, और जलभराव वाली परिस्थितियों में राहत कार्य करने जैसे विषयों की गहन ट्रेनिंग दी गई। कोर्स के अंत में लिखित, प्रयोगिक और मौखिक परीक्षाएं आयोजित की गईं, जिसमें कल्याण कुमार साहू ने कड़ी मेहनत और लगन से द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने इस उपलब्धि पर जवान को बधाई देते हुए कहा, “कल्याण कुमार साहू की यह सफलता पूरे टाटानगर रेल सिविल डिफेंस के लिए गर्व की बात है। ऐसे प्रशिक्षण न केवल व्यक्तिगत कौशल को बढ़ाते हैं, बल्कि आपदा के समय बेहतर राहत और बचाव कार्य में अत्यंत सहायक होते हैं।”
BIHAR NEWS : पटना में मगध अस्पताल के मालिक की हत्या, कार से उतरते ही मारी गोली
उन्होंने यह भी बताया कि भविष्य में और भी जवानों को विभिन्न आपदा विषयों पर प्रशिक्षण हेतु देश के विभिन्न प्रशिक्षण संस्थानों में भेजा जाएगा, ताकि आपदा मोचन कार्यों को और मजबूत किया जा सके।
कल्याण कुमार साहू की यह सफलता युवा सिविल डिफेंस कर्मियों के लिए प्रेरणा स्रोत बनेगी और यह दर्शाता है कि प्रतिबद्धता, अनुशासन और सही प्रशिक्षण के जरिए किसी भी चुनौती से निपटा जा सकता है।



