
जमशेदपुर : झारखंडवासी एकता मंच की ओर से आयोजित टुसू मेला इसबार कई मायनों में खास होगा. जहां पुरस्कार की राशि बढ़ाई गई है, वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने के लिये उड़ीसा की कई टीमें यहां आएंगी. सोनारी शहीद निर्मल भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में इस संबंध में जानकारी देते हुए सांसद सह मंच के संयोजक विद्युत वरण महतो ने बताया कि यह मेला आगामी 21 जनवरी (सोमवार) को बिष्टुपुर गोपाल मैदान में लगेगा.
उन्होंने कहा कि लगातार हो रहे शहरीकरण से हमारी संस्कृति पर बुरा असर पड़ रहा है तथा विरासत लुप्त की ओर अग्रसर है. यह कार्यक्रम उसे बचाने के लिये है. सांसद ने कहा कि टुसू पर्व पर तीन दिन की छुट्टी अनिवार्य रुप से हो, इसके लिये मुख्यमंत्री के समक्ष बात रखेंगे. उन्होंने बताया कि इस बार भी कोल्हान के अलावा उड़ीसा के राउरकेला, बारीपादा, पश्चिम बंगाल के झाडग़्राम, पुरुलिया, रांची, तमाड़ आदि क्षेत्र के लोग टुसू व चौड़ल लेकर लोग पहुंचते हैं. संवाददाता सम्मेलन में ईंचागढ़ के विधायक सह संयोजक साधुचरण महतो, मुख्य संयोजक आस्तिक महतो के अलावा सुखदेव महतो, सत्यनारायण महतो, सचिन महतो, जनक मंडल, खोगेन महतो, उमाकांत झा, लक्की सिंह, अशोक सिंह आदि मौजूद थे.


विधायक साधुचरण महतो ने कहा कि इस वर्ष से चौड़ल तथा बुढ़ी गाड़ी नाच में 9000 रुपये का एक-एक पुरस्कार राशि की बढ़ोत्तरी की गई है. दोनों ही प्रतियोगिता में चार-चार विजेताओं को पुरस्कृत किया जाता था, लेकिन इस बार से पांच-पांच लोग इसके विजेता होंगे. साथ ही उड़ीसा की कई टीम सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगी. उन्होंने कहा कि झारखंड का परिचय ही संस्कृति से है तथा यह उसे ही बचाने की दिशा में एक प्रयास है.
मंच के मुख्य संयोजक आस्तिक महतो ने प्रशासन से आग्रह किया कि आयोजन की तिथि, 21 जनवरी को वहां आनेवाले लोगों की संख्या काफी अधिक होती है. इसलिये गोपाल मैदान के चारों ओर जो भी सड़कें है, उसे बंद कर दिया जाए. इससे मैदान के अंदर ठेला व बाहरी वाहनों की पार्किंग वहां कर दिया जाए तो भीड़ को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है.
बंटेगा 5 लाख से अधिक का नगद पुरस्कार
टुसू मेला में टुसू, चौड़ल, बुढ़ी गाड़ी नाच प्रतियोगिता आदि के एवज में 4 लाख रुपये से अधिक नगद पुरस्कार बांटे जाएंगे. इसमें टुसू में 7, चौड़ल में 5 तथा बुढ़ी गाड़ी नाच में 5 पुरस्कार बंटेगा. इसके अलावा मेला में आनेवाले सभी टुसू व चौड़ल को सांत्वना पुरस्कार मिलेगा. साथ ही मेले में आकर्षित करनेवाले व अच्छा नाच-गान करनेवाले भी पुरस्कार के हकदार होंगे.
टुसू : प्रथम-31 हजार, द्वितीय-25 हजार, तृतीय-20 हजार, चतुर्थ-15 हजार, पंचम-11 हजार, षष्टम-7 हजार तथा सप्तम-5 हजार.
चौड़ल : प्रथम-25 हजार, द्वितीय-20 हजार, तृतीय-15 हजार, चतुर्थ-11 हजार तथा पंचम-9 हजार.
बुढ़ी गाड़ी नाच : प्रथम-15 हजार, द्वितीय-11 हजार, तृतीय-9 हजार, चतुर्थ-7 हजार तथा पंचम-5 हजार.

