रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री Hemant Soren अपने पैतृक गांव नेमरा में आयोजित पारंपरिक ‘बाहा पर्व’ में सपरिवार शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ग्रामीणों के साथ गांव स्थित जाहेर थान पहुंचे और पारंपरिक विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर राज्यवासियों की सुख, समृद्धि, खुशहाली एवं उन्नति की कामना की।
बाहा पर्व झारखंड की आदिवासी संस्कृति का महत्वपूर्ण त्योहार है, जिसे प्रकृति और नए फूलों के स्वागत के प्रतीक के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
पारंपरिक विधि-विधान से हुई पूजा-अर्चना
जाहेर थान में आयोजित पूजा-अर्चना को गांव के नाइके बाबा (पाहन) चैतन टुडू और कुडम नाइके बाबा (उप पाहन) छोटू बेसरा ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने ग्रामीणों के साथ मिलकर पूजा की और राज्य के लोगों की खुशहाली के लिए प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री अपने निवास स्थान से ग्रामीणों के साथ पदयात्रा करते हुए जाहेर थान पहुंचे और ‘बाहा पूजा’ में भाग लिया।
ग्रामीणों में दिखा जबरदस्त उत्साह
मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर नेमरा और आसपास के क्षेत्रों के ग्रामीणों में काफी उत्साह देखने को मिला। परंपरा के अनुरूप ग्रामीण ढोल-नगाड़ा और मांदर बजाते हुए मुख्यमंत्री के साथ जाहेर थान तक पहुंचे।
इस दौरान मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने स्वयं मांदर बजाकर ग्रामीणों का उत्साहवर्धन किया। मौके पर उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी के साथ स्वागत और अभिनंदन किया।
READ MORE :Jamshedpur News :पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने समर्थकों संग मनाई होली, घोड़ाबांधा आवास पर हुआ होली मिलन
सपरिवार दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन अपनी धर्मपत्नी और विधायक Kalpana Soren के साथ दो दिवसीय दौरे पर नेमरा पहुंचे हैं। उनके गांव पहुंचने की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग नेमरा पहुंचे और उनसे मुलाकात की।मुख्यमंत्री ने भी लोगों से आत्मीयता के साथ मुलाकात की और उनकी समस्याओं को सुना। इस अवसर पर उन्होंने सभी को बाहा पर्व की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।
आदिवासी संस्कृति और परंपरा का प्रतीक है बाहा पर्व
बाहा पर्व झारखंड की आदिवासी परंपरा और संस्कृति का प्रमुख उत्सव है। यह पर्व प्रकृति के प्रति सम्मान और समाज में एकता की भावना को मजबूत करने का संदेश देता है।मुख्यमंत्री की उपस्थिति से इस वर्ष नेमरा गांव में बाहा पर्व का उत्साह और भी बढ़ गया और ग्रामीणों ने पूरे उल्लास के साथ इस पर्व को मनाया।




