
जमशेदपुर।

उपायुक्त अमित कुमार ने राज्य स्थापना दिवस को लेकर जिले में होने वाले विभिन्न आयोजनों की तैयारी को लेकर समाहरणालय कक्ष में सम्बंधित पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में तय किया गया कि 15 नवम्बर को सुबह सभी सरकारी विद्यालयों में व्यवस्थित प्रभात फेरी निकाली जाएगी जिसकी समन्वयात्मक जिम्मेदारी जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला शिक्षा अधीक्षक को दी गई। उपरोक्त दिवस पर सुबह 8ः30 बजे उपायुक्त अमित कुमार जिले के सभी महत्वपूर्ण पदाधिकारियों के साथ बिरसानगर संडे मार्केट स्थित भगवान बिरसा मुण्डा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनकी जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके उपरान्त 9ः00 बजे मानगो गांधी मैदान स्थित गांधी जी की प्रतिमा पर जिले के प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों की मौजूदगी में उपायुक्त माल्यार्पण करेंगे। उक्त प्रतिमाओं के अलावा जिले में स्थित अन्य महापुरूषों की प्रतिमाओं एवं परिसरों की साफ-सफाई की जिम्मेदारी जमशेदपुर अक्षेस एवं मानगो अक्षेस के पदाधिकारियों को दी गई। शाम को 6ः00 बजे सिदगोड़ा टाउन हॉल में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन प्रस्तावित है। उक्त आयोजन की जिम्मेदारी एनईपी निदेशक श्रीमती रंजना मिश्रा एवं डीपीआरओ संजय कुमार को दी गई। जिला जन सम्पर्क विभाग को दायित्व दिया गया कि बीते एक वर्ष के अन्तर्गत जिले के विभिन्न विभागों द्वारा किये गये बेहतर कार्यों एवं उपलब्धियों को संकलित कर ’’प्रगति पुस्तिका’’ तैयार करें। उक्त पुस्तिका/स्मारिका का विमोचन भी 15 नवम्बर को प्रस्तावित है।
उपायुक्त श्री कुमार ने जिले के सभी विभागों के पदाधिकारियों को निदेश दिया कि सभी सरकारी भवनों पर 13 नवम्बर से 15 नवम्बर तक सुन्दर एवं व्यवस्थित विद्युत सज्जा सुनिश्चित करें। बैठक में उपायुक्त के अलावा अपर उपायुक्त सुनील कुमार, आईटीडीए निदेशक परमेश्वर भगत, एनईपी निदेशक श्रीमती रंजना मिश्रा, डीआरडीए निदेशक श्रीमती उमा महतो, डीपीआरओ संजय कुमार, सिविल सर्जन एसके झा, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, डीपीओ, दोनों अक्षेस के विशेष पदाधिकारी आदि मौजूद थे।

