
जमशेदपुर।


उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रविशंकर शुक्ला के निर्देशानुसार आज दूसरे दिन भी जमशेदपुर शहरी क्षेत्र अंतर्गत तीनों नगर निकाय क्षेत्र में व्यापक स्तर पर सब्जी बाजारों में सैनिटाइजेशन का कार्य किया गया। उपायुक्त द्वारा जारी किए गए आदेश के आलोक में आज तीनों नगर निकाय क्षेत्र में सभी सब्जी बाजार बंद रखे गए थे जहां सुबह 6 बजे से ही सोडियम हाइपोक्लोराइट से सैनिटाइजेशन का कार्य किया गया। जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के विशेष पदाधिकारी श्री कृष्ण कुमार, जुगसलाई नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी श्री जगदीश यादव तथा मानगो नगर निगम के कार्यपालक पदाधिकारी श्री रविन्द्र गगराई एवं क्षेत्रवार प्रतिनियुक्त इंसिडेंट कमांडर के नेतृत्व में तीनों नगर निकाय क्षेत्र में व्यापक स्तर पर सैनिटाइजेशन कार्य किया गया।
मानगो नगर निगम क्षेत्र के सभी सब्जी मार्केट यथा गांधी मैदान सब्जी मार्केट, दुर्गा मंदिर ब्रिज के पास का सब्जी मार्केट, डिमना चौक, एमजीएम के पास का सब्जी मार्केट, डिमना रोड के सब्जी मार्केट, मानगो चौक के आसपास के सब्जी मार्केट, मछली बाजार, पुरुलिया रोड सब्जी मार्केट आदि, जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र में ईदगाह मैदान, नया बाजार हाट, बालक मध्य विद्यालय, स्टेशन रोड, डीबी रोड बागबेड़ा आदि तथा जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के साक्ची, सोनारी, कदमा, बाराद्वारी, बारीडीह, सिदगोड़ा, बिरसानगर आदि सब्जी बाजारों में व्यापक स्तर पर साफ-सफाई एवं सैनिटाइजेशन का कार्य किया गया। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी द्वारा पूर्व में ही शनिवार अपराह्न 3 बजे से रविवार अपराह्न 7 बजे तक बाजार बंद रखने का निर्देश दिया गया था ताकि आम जनता की सुरक्षा के दृष्टिकोण से सब्जी बाजारों में साफ-सफाई एवं सैनिटाइजेशन का कार्य किया जा सके।
उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी श्री रविशंकर शुक्ला द्वारा जिलेवासियों से अपील किया गया है कि अनावश्यक घरों से बाहर ना निकलें। अति आवश्यक हो तो घर से निकलने पर मास्क का प्रयोग अवश्य करें, यत्र-तत्र ना थूकें, भीड़ का हिस्सा ना बनें तथा कोरोना संक्रमण से बचाव हेतु सभी सुरक्षात्मक उपाय जैसे सोशल डिस्टेंसिंग का पालन, नियमित अंतराल पर साबुन या हैंड वाश से हाथ धोएं तथा सैनिटाइजर का प्रयोग करते रहें।

