
रेल खबर।
पूर्व रेलवे के आसनसोल रेल मंडल अंतर्गत जसीडीह–झाझा रेलखंड पर शनिवार देर रात एक बड़ा रेल हादसा हो गया। सिमुलतला थाना क्षेत्र के टेलवा बाजार हॉल्ट के समीप बडुआ नदी पर बने पुल संख्या 676 पर सीमेंट से लदी एक मालगाड़ी अचानक बेपटरी हो गई। यह हादसा 27 दिसंबर की रात करीब 11:25 बजे हुआ, जिससे रेल परिचालन पूरी तरह ठप हो गया।

नदी में गिरे डिब्बे, पुल पर लटके वैगन
हादसे में मालगाड़ी के करीब 8 डिब्बे पटरी से उतर गए। इनमें से 3 डिब्बे सीधे पुल से नीचे बडुआ नदी में जा गिरे, जबकि 2 डिब्बे पुल पर बेहद खतरनाक स्थिति में लटके हुए हैं। इसके अलावा आधा दर्जन से अधिक डिब्बे एक-दूसरे पर चढ़कर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना की भयावहता को देखते हुए पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
हावड़ा-दिल्ली मेन लाइन पूरी तरह बंद
इस हादसे के कारण किउल–जसीडीह मुख्य रेलखंड पर अप और डाउन दोनों लाइनों पर रेल परिचालन पूरी तरह बाधित हो गया है। यह रेलखंड हावड़ा–दिल्ली मेन लाइन का अहम हिस्सा है, जिस कारण कई प्रमुख एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर रोक दिया गया है।
READ MORE :Adityapur News :एनआईटी जमशेदपुर में हरित ऊर्जा शोध की बड़ी सफलता
यात्री परेशान, स्टेशन पर फंसी ट्रेनें
रात के समय गुजरने वाली करीब दो दर्जन से अधिक एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ है। कई ट्रेनें रास्ते में ही अलग-अलग स्टेशनों पर खड़ी कर दी गईं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। ठंड के मौसम में लंबा इंतजार यात्रियों के लिए मुश्किल भरा रहा।
रेलवे का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
पूर्व रेलवे ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि आसनसोल मंडल के लाहाबन–सिमुलतला स्टेशनों के बीच किलोमीटर संख्या 344/05 के पास मालगाड़ी के 8 डिब्बे बेपटरी हो गए हैं। सूचना मिलते ही आसनसोल, मधुपुर और झाझा से एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन (ART) को तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार पुल पर लटके डिब्बों के कारण स्थिति काफी संवेदनशील बनी हुई है। ट्रैक को पूरी तरह बहाल करने में समय लग सकता है। फिलहाल युद्धस्तर पर राहत एवं मरम्मत कार्य जारी है।

