
जामताड़ा।
मौसम का मिजाज बदलने से जामताड़ा में जनजीवन प्रभावित होने लगा है। बीते तीन-चार दिनों से लगातार चल रही पछुआ हवा के कारण कनकनी बढ़ गई है और तापमान में गिरावट आ गया है। पिछले तीन-चार दिनों से जामताड़ा में अधिकतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 13 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच आ गया है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार की देर रात तापमान में गिरावट होकर 10 डिग्री सेल्सियस तक जाने की संभावना है। ऐसे में लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

हालांकि जिला प्रशासन की ओर से अलाव की व्यवस्था की गई है। लेकिन सभी जगहों पर अलाव की व्यवस्था अभी तक नहीं हो पाई है। कुछ चिह्नित जगह पर प्रशासन की ओर से कोयला उपलब्ध कराया गया है, जहां अलाव जलाया जा रहा है। लेकिन शहर में ऐसे और भी कई महत्वपूर्ण स्थान है जहां देर रात तक लोगों का आना जाना लगा रहता है। ऐसे स्थानों पर भी अलाव की व्यवस्था की मांग लोगों ने प्रशासन से की है। वैसे प्रमुख स्थानों में टावर चौक, पुराना कोर्ट मोड़, सदर अस्पताल के समीप, रानी सती मंदिर, कायस्थ पाड़ा मोड़ जैसे स्थानों पर भी अलाव की आवश्यकता है। वही टावर चौक से स्टेशन की ओर जाने वाली सड़क में फुटकर दुकानदारों को भी परेशानी हो रही है। लिहाजा इस ख्याल से वैसे लोगों की परेशानी देखते हुए टावर चौक और जेबीसी स्कूल के बीच भी अलाव की व्यवस्था करने की लोगों ने मांग रखी है। ऐसे छुटे हुए जगहों पर लोग अपने स्तर से जंगल झाड़ी जलाकर आग की व्यवस्था कर राहत पाने का प्रयास कर रहे हैं।

