
जामताड़ा।
जामताड़ा नगर पंचायत अध्यक्ष रीना कुमारी के उपस्थिति में वार्ड पार्षद ज्योत्सना देवी की अध्यक्षता में नामूपाड़ा में नगर के सर्वांगीण विकास के लिए बैठक रखी गई। विदित हो कि नगर के सभी वार्डों में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित की जा रही है। कार्यक्रम में भारी संख्या में स्थानीय महिलाएं पुरुष एवं पीएम आवास योजना के लाभार्थी शामिल हुए। गुरूवार को वार्ड नंबर 2 के नामुपाड़ा में रखी गई जनसंवाद कार्यक्रम में लोगों ने स्थानीय समस्याओं को रखा। साथ ही विभिन्न विकास योजनाओं के बारे में चर्चा हुई। पीएम आवास के लिए लोगों ने विशेष रूचि दिखाया।


मोहल्ले के लिए पीसीसी सड़क एवं नाली का भी निर्माण कराने पर चर्चा किया गया। मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष रीना कुमारी ने कार्यक्रम के वास्तविक उद्देश्य के बारे में कहा कि लगातार नगर पंचायत के प्रत्येक वार्ड में लोगों के साथ जन संवाद कार्यक्रम किया जा रहा है। नगर पंचायत इन्हीं जन संवाद कार्यक्रम के माध्यम से योजनाओं का रूपरेखा बना रही है। साथ ही साथ मोहल्ले के अन्य समस्याओं के बारे में भी चर्चाएं होती है। जो समस्या तत्काल निदान करने योग्य है वह तत्काल निदान किया जा रहा है। कुछ के लिए संभावना तलाशी जा रही है।
मौके पर उपस्थित नगर पंचायत जामताड़ा के पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र मंडल ने बताया कि नगर पंचायत जामताड़ा का जनसंवाद का कार्यक्रम सराहनीय एवं उपयोगी सिद्ध हो रहा है। मंडल ने विभिन्न विकास योजनाओं पर चल रहे नगर पंचायत में काम पर चर्चा करते हुए कहा कि नगर पंचायत की सभी योजनाएं जनहित में है। पीएम आवास लोगों के लिए सबसे अधिक लाभकारी सिद्ध हो रहा है। पीएम आवास योजना गरीबों को केवल छत ही नहीं दे रही है बल्कि एक परिवार को संबल भी प्रदान कर रही है। केंद्र सरकार द्वारा पीएम आवास योजना के लाभार्थी को सरकार की गरीबी उन्मूलन योजनाओं से भी जोडे जाने वाली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सामाजिक सुरक्षा संबंधी दृष्टि से देश के अमीरों और गरीबों में फर्क कम करने में लगातार प्रयासरत हैं। देश का अंत्योदय हो रहा है जो धरातल पर दिख रहा है। मंडल ने बताया प्रधानमंत्री के सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास के मूल मंत्र के साथ जामताड़ा नगर पंचायत अपनी भूमिका के अनुरूप सराहनीय प्रयास कर रही है। यह निरंतर जारी रहेगा। कार्यक्रम में भारी संख्या में लोग उपस्थित थे। सभी ने नगर पंचायत के संवाद एवं विकास के प्रति वर्तमान नगर पंचायत अध्यक्ष रीना कुमारी एवं वीरेंद्र मंडल के संकल्प का सराहना किया।


