जामताड़ा।
जामताड़ा में ठंड अपने परवान पर है बीते एक सप्ताह से तापमान में काफी गिरावट आ गई है। जिससे गरीब और मजलूमों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में प्रशासन की ओर से अलाव की व्यवस्था तो की गई है, लेकिन सरकारी स्तर से कंबल का वितरण अब तक जरूरतमंदों के बीच नहीं किया गया है। ऐसी परिस्थिति में राष्ट्रीय मानवाधिकार सेवा ट्रस्ट ने जरूरतमंदों को ठंड से राहत देने का बीड़ा उठाया है। संस्था के राष्ट्रीय सचिव हाफिज एहतेशामूल मिर्जा ने बुधवार को जामताड़ा के रहमूडंगाल मोहल्ले में कंबल वितरण किया।
संस्था की ओर से बुधवार से यह अभियान शुरू किया गया है। जिसमें गरीब, मजलूम, विधवा महिलाओं को चिन्हित कर उनके बीच कंबल का वितरण किया गया। राष्ट्रीय सचिव हाफिज एहतेशामूल मिर्जा ने दो दर्जन से अधिक जरूरतमंदों के बीच कंबल का वितरण किया। मौके पर मिर्जा ने कहा कि सरकार या प्रशासन अपने स्तर से जो करती है वह करें। लेकिन संस्था अपनी ओर से जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने का काम कर रही है। यह अभियान आज से शुरू हुआ है और अगले 15 दिनों तक लगातार जारी रहेगा। जिसमें वैसे जरूरतमंदों को चिन्हित किया जा रहा है जो वाकई में लाचार है। जो ठंड से बचने के लिए कंबल खरीदने में अक्षम है। संस्था की टीम वैसे लोगों को चिन्हित कर रही है और उनके बीच मदद पहुंचाने का काम शुरू कर दिया गया है। मौके पर जावेद अंसारी, सलाउद्दीन अंसारी, नाजिर अंसारी, रेशमा खातून, पल्लू शेख, जाहिद शेख, संस्था के जिलाध्यक्ष महेंद्र स्वर्णकार सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
