
जामताड़ा।
अपने रसूख को दिखाने के लिए अगर आप वाहन पर किसी भी तरह का बोर्ड लगाकर चलते हैं तो आपको भारी पड़ सकता है। इसके लिए परिवहन विभाग आपका ₹500 का चालान भी काट सकता है। परिवहन विभाग की ओर से नियमों में संशोधन के बाद लोगों को जागरूक किया जा रहा है।

इसके लिए डीटीओ कार्यालय के सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य सड़क पर उतरकर लोगों के बीच जागरूकता फैला रहे हैं। मंगलवार को थाना रोड में जामताड़ा थाना के समीप सड़क सुरक्षा समिति व थाना पुलिस के द्वारा बैरिकेडिंग लगाकर जांच सह जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जिसमें वैसे दोपहिया और चारपहिया वाहन जिस पर किसी भी प्रकार का साइन बोर्ड लगा हो, चाहे संस्था से संबंधित हो या पद से संबंधित उन लोगों को रोककर बोर्ड हटाने को कहा जा रहा है। साथ ही नियमों के संदर्भ में जानकारी दी जा रही है। इसके अलावा हेलमेट नहीं पहनने वालों को भी जागरूक किया जा रहा है। वही जो वाहन चालक बिना मास्क के चल रहे हैं उन्हें भी रोककर मास्क पहनने को कहा जा रहा है। सड़क सुरक्षा समिति के कर्मी गिरीश ने बताया कि फिलहाल लोगों को जागरूक करने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। इसके बावजूद भी अगर वैसे लोग बोर्ड नहीं हटाते हैं अथवा ढकते नहीं है तो विभाग की ओर से ₹500 का जुर्माना वसूला जाएगा।


