जामताड़ा।
जामताड़ा पुलिस मुख्यालय के दो दिवसीय निरीक्षण के क्रम में दूसरे दिन शनिवार को डीआईजी संथाल परगना प्रमंडल सुदर्शन मंडल ने पुलिस लाइन का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस लाइन के जवानों ने सार्जेंट मेजर कामेश्वर राम के नेतृत्व में परेड किया। परेड का प्रदर्शन बेहतर रहा जिसकी डीआईजी ने सराहना की। इसके बाद उन्होंने पुलिस लाइन एवं एसपी कार्यालय से जुड़े विभिन्न विभागों के संचिकाओं का अवलोकन किया। जहां आवश्यकता हुई वहां आवश्यक निर्देश भी दिए। इस दौरान डीआईजी ने संबंधित पदाधिकारियों को ससमय संचिका का संधारण और निस्तारण का निर्देश दिया।
वही डीआईजी सुदर्शन मंडल ने एसपी दीपक सिन्हा के साथ सभी एसडीपीओ, मुख्यालय डीएसपी, सर्किल इंस्पेक्टर, थाना प्रभारी एवं दरोगा के साथ बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने पुलिस
पदाधिकारियों को कार्यशैली को लेकर कुछ टिप्स दिए एवं कांडों के संधारण और निष्पादन को लेकर आवश्यक निर्देश दिया। इसके अलावा उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों की समस्याओं को भी सुना और उसके निराकरण किए जाने का आश्वासन दिया। वही बैठक के क्रम में विभिन्न प्रकार के भत्ता इत्यादि पर भी चर्चा हुई जिस से संबंधित मामलों के त्वरित निष्पादन का उन्होंने निर्देश दिया। मौके पर एसडीपीओ जामताड़ा आनंद ज्योति मिंज, एसडीपीओ नाला मनोज कुमार झा, मुख्यालय डीएसपी जगदीश प्रसाद, साइबर
डीएसपी मंजरुल होदा, सर्किल इंस्पेक्टर अशोक चौधरी, मनोज कुमार, संजीव मिश्रा, जामताड़ा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संजय कुमार सहित सभी थाना प्रभारी एवं संबंधित पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।



