
जामताड़ा।
मुख्यालय सहित ग्रामीण क्षेत्र में सिझानो पर्व को लेकर बंगाली समुदाय के लोगों में काफी चहल-पहल और उत्साह देखा गया। सिझानो पर्व को लेकर मछली बाजार में शनिवार को सुबह से ही भीड़ देखी गयी। मान्यता के अनुसार बंगाली समुदाय के लोग बसंत पंचमी के दिन सिझानो के लिए मछली, दाल, सब्जी सहित विभिन्न प्रकार के पकवान बना कर षष्टी के दिन यानी रविवार को सिझानो पर्व मनाएंगे। सिझानो में मछली की डिमांड सबसे ज्यादा होती है।
इसे लेकर मछली बाजार में 200 रुपए से 350 रुपये किलो की दर से मछली बिकी। जिसमें कई प्रकार की मछली शामिल थी। इस दौरान लोगों ने जमकर खरीदारी भी की। बताया जाता है कि सिझानो पर्व का बंगाली समुदाय में एक विशेष महत्व है। वसंत षष्टी के दिन प्रत्येक परिवार में लोग परिवार के साथ आसपास के लोगों को निमंत्रण कर पूर्व दिन के पकाए हुए पकवान खिलाये जाने की परम्परा है। परंपरा के अनुसार सिझानो पर्व के दिन बंगाली समुदाय के लोगों के घर में चूल्हा नहीं जलता है। उस दिन 1 दिन पूर्व के बनाए हुए भोजन विशेषकर मछली को खाते हैं। मछली विक्रेता अभी धीवर ने बताया कि सिझानो पर्व को लेकर जामताड़ा में करीब 10 टन मछली की बिक्री हुई है।


