
जामताड़ा।
वीर बिरसा क्लब बंदाजोड़ी के तत्वाधान में आयोजित फुटबॉल टूर्नामेंट का समापन देर शाम हुआ। फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल एआरसी मुसर टोला और नेहरू युवा स्पोर्टिंग क्लब बागधारा के बीच हुआ। एआरसी मुसर टोला फुटबॉल टूर्नामेंट का विजेता रहा। विजेता टीम एवं रनर टीम को मुख्य अतिथि वीरेंद्र मंडल ने पुरस्कृत किया।


मौके पर मुख्य अतिथि वीरेंद्र मंडल ने कहा कि फुटबॉल का खेल लोकप्रिय है और संथाल परगना के आदिवासी युवाओं में फुटबॉल खेल के प्रति गहरी रूचि है। यहां के युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है। झारखंड के युवाओं को खेलों में अवसर मिलना चाहिए। झारखंड सरकार को खेल के प्रति अपनी गंभीरता दिखानी चाहिए। कहा कि आज खेल केवल मनोरंजन का साधन ही नहीं रहा गया बल्कि कैरियर का साधन भी है। मंडल ने देश के कई सफलतम खिलाड़ियों का उदाहरण देकर स्थानीय युवाओं को प्रेरित किया। मंडल ने खेल आयोजन समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को खिलाड़ियों को मौका देने एवं फुटबॉल खेल प्रतियोगिता आयोजित करने के लिए बधाई दिया। मौके पर जिला परिषद सदस्य सुनील सोरेन, मुखिया लखविंदर टूडू, रंजीत प्रसाद यादव, महेंद्र मंडल, रंजीत राणा सहित भारी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित थे।


