जामताड़ा।
सदर अस्पताल के कर्मियों की कार्यशैली में सुधार नहीं आ रहा है, एक के बाद एक पैसे उगाही का मामला सामने आते जा रहा है। गुरुवार को सहिया द्वारा सिजेरियन प्रसव के लिए ₹5000 रिश्वत मांगने का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा कि शुक्रवार को लेबर रूम में कार्यरत एएनएम और सफाई कर्मी पर रिश्वत लेने का आरोप लग गया है। यह आरोप प्रसव के लिए आई एक प्रसूति महिला ने लगाया है, और अस्पताल उपाधीक्षक को इस बात की शिकायत की है। इसमें एएनएम बबीता साव और सफाई कर्मी उमा देवी पर ₹700 रिश्वत लेने का आरोप लगाया है।


जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह तकरीबन 4:00 बजे जामताड़ा थाना क्षेत्र के चाकरी गांव की प्रसूति महिला जॉनी मल्लिक प्रसव के लिए सदर अस्पताल पहुंची थी। उस समय लेबर रूम में कार्यरत एएनएम बबीता साव प्रसव कराने की एवज में ₹500 वसूल लिए। वही एक महिला सफाईकर्मी उमा देवी ने भी ₹200 महिला से लिया। सुबह लगभग 5:00 बजे महिला का प्रसव हो गया था। उसके बाद 9:00 बजे के करीब शिफ्ट चेंज होने के समय सदर अस्पताल उपाधीक्षक डॉ चंद्रशेखर आजाद अस्पताल पहुंचे। इसी दौरान पीड़िता की मां ने उपाधीक्षक के पास इस मामले की जानकारी दी और कार्रवाई करने की बात कही।
जानकारी मिलने के बाद उपाधीक्षक ने लेबर रूम में जाकर मामले की जांच की। रोस्टर में देखे जाने पर पता चला कि बबीता साव नाम की एएनएम द्वारा पैसा लिया गया है। इस संदर्भ में तत्काल कार्रवाई करते हुए अस्पताल उपाधीक्षक डॉ चंद्रशेखर आजाद ने रोस्टर ड्यूटी से एएनएम बबीता साव और सफाई कर्मी उमा देवी का नाम लेबर रूम से हटा दिया है।
अस्पताल उपाधीक्षक डॉ चन्द्रशेखर आजाद ने बताया कि अपने स्तर से कार्रवाई करते हुए इस संदर्भ में पूरी रिपोर्ट वरीय पदाधिकारी को समर्पित कर दी गई है और कार्रवाई की अनुशंसा की गई है।



