
जामताड़ा:
साइबर अपराधियों के विरुद्ध जामताड़ा साइबर थाना पुलिस की मुहिम लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस को लगातार सफलता भी मिल रही है। बीते 48 घंटों में पुलिस को दो बड़ी सफलता हाथ लगी है। इसी कड़ी में बुधवार की देर रात हिमाचल प्रदेश पुलिस की टिप्स पर जामताड़ा साइबर थाना पुलिस ने 9 शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से काफी संख्या में मोबाइल, सिम कार्ड, एटीएम कार्ड, पासबुक और एक बाइक बरामद किया गया है। मामले का खुलासा एसपी दीपक कुमार सिन्हा ने गुरुवार को साइबर थाना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर किया।


बीते 21 सितंबर को जामताड़ा साइबर थाना पुलिस ने 11 शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया था। जिसमें कई हिस्ट्रीशीटर थे। वही गुरुवार को 9 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। जिसमें हिमाचल प्रदेश पुलिस की टिप्स जामताड़ा साइबर थाना पुलिस के लिए बड़ा काम किया है। हिमाचल प्रदेश के मंडी थाना क्षेत्र में हुए साइबर अपराध की घटना में जामताड़ा का लोकेशन डिटेक्ट हुआ था। उसके बाद हिमाचल प्रदेश के पुलिस जामताड़ा एसपी से संपर्क कर छापेमारी के लिए पहुंची। एसपी दीपक कुमार सिन्हा के निर्देश पर साइबर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर हरेंद्र कुमार राय के अगुवाई में टीम गठित कर छापेमारी करवाई गई। इसी कड़ी में नारायणपुर एवं करमाटांड़ थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर 9 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से पुलिस ने 24 मोबाइल फोन, 36 सिम कार्ड, 10 एटीएम कार्ड, 11 पासबुक, 1 चेक बुक और एक बाइक बरामद किया गया है। गिरफ्तार सभी साइबर अपराधी फिशिंग की घटना को अंजाम देते हुए रंगे हाथ पकड़े गए हैं। गिरफ्तार अपराधियों में रवि मंडल, राजू मंडल, सुरेश मंडल, महेंद्र कुमार मंडल, राजू कुमार मंडल, सूरज कुमार मंडल, संजय स्वर्णकार, अरुण स्वर्णकार और परवेज अंसारी शामिल है। एसपी दीपक सिन्हा ने बताया कि साइबर अपराधियों के पास से जब्त मोबाइल और सिम कार्ड को खंगाला जा रहा है। उसके बाद पता चल पाएगा कि अपराधियों ने कितने लोगों को शिकार बनाया है और कितने की ठगी की है।

