जमशेदपुर.
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के को-ऑर्डिनेटर विजय खां ने कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी की संस्मरण पुस्तक ‘Belonging: A Journey of Love’ पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी की प्रतिक्रिया की कड़ी निंदा की है. 10 नवंबर को पुस्तक के बाजार में आने के बाद भाजपा प्रवक्ता द्वारा दी गई टिप्पणी को विजय खां ने तथ्यहीन बताते हुए इसे एक महिला नेता के त्याग और संघर्ष का अपमान करार दिया है.
राजनीतिक चश्मे से न देखे भाजपा
विजय खां ने अपने बयान में कहा कि सोनिया गांधी ने यह पुस्तक किसी राजनीतिक जवाब के लिए नहीं, बल्कि अपने जीवन के अनुभव, प्रेम, पीड़ा और अपनेपन की भावना को साझा करने के लिए लिखी है. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा को सच से डर लगता है, इसलिए वह इसे भी राजनीतिक चश्मे से देख रही है.
2004 का फैसला त्याग था, सत्ता की भूख नहीं
कांग्रेस नेता ने कहा कि वर्ष 2004 में जब पूरा देश और गठबंधन सोनिया गांधी को प्रधानमंत्री बनाना चाहता था, तब उन्होंने अपनी अंतरात्मा की आवाज पर पद को ठुकरा दिया था. उन्होंने कहा कि जिस नेता ने प्रधानमंत्री की कुर्सी को ठुकराया हो, उसे ‘सुपर पीएम’ कहना भाजपा की छोटी सोच को दर्शाता है.
सत्ता का केंद्र नहीं, सेवा का मंच थी राष्ट्रीय सलाहकार परिषद
विजय खां के अनुसार, राष्ट्रीय सलाहकार परिषद के माध्यम से मनरेगा, सूचना का अधिकार और खाद्य सुरक्षा जैसे जनहित के कानून बने, जिनसे करोड़ों गरीबों को ताकत मिली. उन्होंने कहा कि भाजपा इसे सत्ता का केंद्र बताती है, जबकि कांग्रेस इसे सेवा का मंच मानती है.
इतिहास को तोड़-मरोड़ कर पेश करने का आरोप
विजय खां ने स्पष्ट किया कि यह पुस्तक सोनिया गांधी का निजी संस्मरण है, न कि इतिहास की किताब, जिसमें उन्होंने अपने परिवार के दर्द और उस दौर की सच्चाई को अपने नजरिए से लिखा है. उन्होंने भाजपा पर इतिहास को अपने हिसाब से तोड़-मरोड़ कर देश को भ्रमित करने का आरोप लगाया.
असली मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश और खेद जताने की मांग
प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि भाजपा महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की परेशानी और झारखंड के हक के मुद्दों पर जवाब नहीं दे पा रही है, इसलिए पुस्तक पर हमला कर जनता का ध्यान भटकाया जा रहा है. विजय खां ने भाजपा नेता से अपने बयान के लिए खेद व्यक्त करने की मांग करते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता सोनिया गांधी के विचारों के साथ मजबूती से खड़े हैं और भाजपा की नकारात्मक राजनीति का हर मंच पर जवाब देंगे.

