जमशेदपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर परिसर में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। छठ व्रतधारियों और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सूर्य मंदिर समिति की ओर से व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। शुक्रवार को राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एवं सूर्य मंदिर समिति के मुख्य संरक्षक रघुवर दास ने मंदिर परिसर का भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने समिति के पदाधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
रघुवर दास ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, पवित्रता और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। सूर्य मंदिर परिसर में आने वाले प्रत्येक व्रतधारी और श्रद्धालु को बेहतर सुविधा, सुरक्षा और सहज वातावरण उपलब्ध कराना समिति की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी तैयारियां निर्धारित समय पर पूरी करने और श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: श्याम भटली परिवार का 15वां अन्नकूट महोत्सव भव्यता से संपन्न, 800 श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया महाप्रसाद
दोनों छठ घाटों पर स्वच्छ जल और आकर्षक विद्युत सज्जा
सूर्य मंदिर समिति की ओर से प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी छठ व्रतधारियों के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। मंदिर परिसर स्थित दोनों छठ घाटों में स्वच्छ एवं निर्मल जल की व्यवस्था की गई है। पूरे परिसर को आकर्षक पुष्प सज्जा से सजाया जा रहा है। इसके अलावा मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में रंग-बिरंगी रोशनी से भव्य विद्युत सजावट की जा रही है।
श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए यातायात नियंत्रण की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है, ताकि छठ घाटों पर भीड़ के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं हो।
रविवार दोपहर 2 बजे से खुलेंगे छठ घाट के प्रवेश द्वार
सूर्य मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी प्रेम झा ने बताया कि रविवार को दोपहर 2 बजे से छठ घाट के सभी प्रवेश द्वार श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। श्रद्धालु पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर छठ घाट तालाब में भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर सकेंगे।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS: रेलवे ट्रैक पर आग लगाकर मेमू ट्रेन रोकने की शरारत, 10 मिनट तक खड़ी रही यात्री ट्रेन
शाम 6 बजे से शंख मैदान में सजेगी सांस्कृतिक संध्या
छठ महोत्सव के अवसर पर रविवार को सूर्य मंदिर परिसर के शंख मैदान में भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। शाम 6 बजे से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध लोकगायिका आंखी दास, करीना पांडेय और सोविता पांडेय सहित स्थानीय कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। कलाकार भक्ति संगीत, छठ गीतों और लोकगीतों के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्तिमय वातावरण में सराबोर करेंगे।
सूर्य मंदिर समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने शहरवासियों से शाम 6 बजे शंख मैदान में आयोजित सांस्कृतिक संध्या में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, समिति के संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू सहित शहर के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने कहा कि छठ महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि झारखंड की सांस्कृतिक परंपरा, लोक आस्था और सामाजिक एकजुटता का भी प्रतीक है। शहरवासी छठ गीतों, लोकगीतों और भजन संगीत के माध्यम से इस महापर्व की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक अनुभूति का आनंद लें।

